Home » Chaibasa News : दीपावली, काली पूजा और छठ को लेकर प्रशासन अलर्ट, संवेदनशील इलाकों में बढ़ेगी पुलिस गश्ती

Chaibasa News : दीपावली, काली पूजा और छठ को लेकर प्रशासन अलर्ट, संवेदनशील इलाकों में बढ़ेगी पुलिस गश्ती

डीसी और एसपी ने की विधि-व्यवस्था की समीक्षा, पूजा पंडालों से लेकर छठ घाटों तक सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने का निर्देश

by Hari Shankar Gope
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

चाईबासा : झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले में दीपावली, काली पूजा एवं छठ महापर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में उपायुक्त मनीष कुमार एवं पुलिस अधीक्षक अमित रेनू की संयुक्त अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से विधि-व्यवस्था संधारण को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी पर्वों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने, संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी करने और आम नागरिकों एवं श्रद्धालुओं की सुविधा सुनिश्चित करने को लेकर अधिकारियों को कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक में उपायुक्त एवं एसपी ने स्पष्ट किया कि पर्व-त्योहारों के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। दीपावली को देखते हुए बाजारों, आर्थिक गतिविधियों से जुड़े प्रतिष्ठानों और संवेदनशील इलाकों में विशेष सतर्कता बरतने तथा नियमित पुलिस पेट्रोलिंग सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। असामाजिक तत्वों, जुआ के सामूहिक आयोजनों और अन्य अवैध गतिविधियों पर पैनी नजर रखने के साथ किसी भी तरह की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई करने को कहा गया।

पूजा पंडालों और विसर्जन मार्गों का होगा भौतिक सत्यापन

काली पूजा के मद्देनजर सभी अनुमंडल एवं प्रखंड स्तर के पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में स्थापित होने वाले पूजा पंडालों, विसर्जन मार्गों और विसर्जन घाटों का समय रहते भौतिक सत्यापन करने का निर्देश दिया गया। पूजा समितियों के साथ समन्वय स्थापित कर पंडालों में सुरक्षा मानकों का अनुपालन, भीड़ नियंत्रण और यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने को कहा गया। विसर्जन के दौरान निर्धारित मार्गों एवं घाटों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया गया।

छठ घाटों पर बैरिकेडिंग, रोशनी और गोताखोरों की होगी व्यवस्था

छठ महापर्व की तैयारियों की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने सभी छठ घाटों पर साफ-सफाई, पर्याप्त रोशनी, सुरक्षा और बुनियादी सुविधाओं की व्यवस्था समय से पूरी करने का निर्देश दिया। घाटों पर गहरे पानी वाले स्थानों को चिह्नित कर चेतावनी संकेतक लगाने और आवश्यकतानुसार बैरिकेडिंग कराने पर विशेष जोर दिया गया। इसके साथ ही गोताखोरों की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए आवागमन एवं सुरक्षा की बेहतर व्यवस्था करने को कहा गया।

सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर रहेगी नजर

बैठक में सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली भ्रामक, आपत्तिजनक और सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वाली सूचनाओं पर विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया गया। अधिकारियों को कहा गया कि किसी भी प्रकार की अफवाह या विधि-व्यवस्था से संबंधित छोटी से छोटी सूचना को गंभीरता से लें और तत्काल आवश्यक कार्रवाई करें। शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को नियमित भ्रमणशील रहने तथा चौक-चौराहों एवं धार्मिक स्थलों पर सतत निगरानी बनाए रखने को कहा गया।

स्वास्थ्य विभाग रहेगा अलर्ट

पर्वों के दौरान निर्बाध बिजली एवं पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के साथ स्वास्थ्य विभाग को भी अलर्ट मोड में रहने का निर्देश दिया गया। सिविल सर्जन को सभी स्वास्थ्य केंद्रों में आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं एवं संसाधन उपलब्ध रखने तथा एंबुलेंस सेवाओं को पूरी तरह क्रियाशील रखने को कहा गया। विशेष रूप से छठ घाटों पर श्रद्धालुओं की सुविधा एवं आकस्मिक स्वास्थ्य जरूरतों को ध्यान में रखते हुए मेडिकल कैंप की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

डीसी बोले- पर्वों के दौरान लापरवाही बर्दाश्त नहीं

उपायुक्त मनीष कुमार ने कहा कि दीपावली, काली पूजा एवं छठ महापर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी विभाग आपसी समन्वय स्थापित कर समयबद्ध तरीके से अपनी तैयारियां पूरी करें। आम नागरिकों की सुरक्षा और श्रद्धालुओं की सुविधा के साथ विधि-व्यवस्था बनाए रखने में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। सभी पदाधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में सतर्क एवं सक्रिय रहकर जिम्मेदारियों का निर्वहन करें

वहीं, पुलिस अधीक्षक अमित रेनू ने पुलिस पदाधिकारियों को नियमित गश्ती करने, संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखने और असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि पर्वों के दौरान शांति एवं सामाजिक सौहार्द बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। अफवाह, भ्रामक सूचना या विधि-व्यवस्था से जुड़ी किसी भी जानकारी पर तत्काल संज्ञान लेकर आवश्यक कार्रवाई की जाए।

बैठक में सिविल सर्जन, अपर उपायुक्त, सभी अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, जिला स्तरीय पदाधिकारी, कार्यपालक अभियंता, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी एवं सभी थाना प्रभारी वर्चुअल माध्यम से शामिल हुए।

Read Also Chaibasa News : आपसी कलह के बाद नवविवाहिता ने उठाया खौफनाक कदम, जहर खाने से हुई मौत, जांच में जुटी पुलिस

Related Articles

Leave a Comment