Jamshedpur : केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) की भ्रष्टाचार निरोधक शाखा (एसीबी) रांची ने जमशेदपुर के सोनारी स्थित भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) शाखा से जुड़े एजेंट सलित भगत को 40 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है। सीबीआई के अनुसार आरोपी एजेंट शाखा प्रबंधक जयबाला बिरुआ के नाम पर शिकायतकर्ता से रिश्वत की मांग कर रहा था।
गौरतलब है कि सरायकेला-खरसावां जिले के कुचाई थाना क्षेत्र के मारंगहातु निवासी संदीप कुमार सोय ने 29 मई 2026 को सीबीआई में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि 25 लाख रुपये के पर्सनल लोन की स्वीकृति और राशि जारी करने के बाद एसबीआई सोनारी शाखा की ओर से एजेंट सलित भगत ने 50 हजार रुपये रिश्वत की मांग की।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि रिश्वत देने से इनकार करने पर उनके एसबीआई सैलरी अकाउंट को होल्ड (फ्रीज) कर दिया गया। जब उन्होंने खाते से होल्ड हटाने का अनुरोध किया तो एजेंट ने कथित तौर पर कहा कि शाखा प्रबंधक जयबाला बिरुआ की ओर से अकाउंट अनफ्रीज करने के बदले 40 हजार रुपये देने होंगे।
रिश्वत नहीं देने का मन बना चुके संदीप कुमार सोय ने पूरे मामले की शिकायत सीबीआई से की। शिकायत मिलने के बाद सीबीआई ने अपने अधिकारी के माध्यम से गोपनीय सत्यापन कराया। प्रारंभिक जांच में आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए जाने पर 7 जून 2026 को भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई।
इसके बाद सीबीआई ने जाल बिछाकर कार्रवाई की और एजेंट सलित भगत को 40 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार कर लिया। मामले की जांच सीबीआई एसीबी रांची के इंस्पेक्टर तापेश पचौरी को सौंपी गई है।
सीबीआई अब शाखा प्रबंधक जयबाला बिरुआ के खिलाफ लगाए गए आरोपों की भी जांच कर रही है। जांच में आरोप सही पाए जाने पर उनके विरुद्ध भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि हाल के दिनों में झारखंड में एसबीआई अधिकारियों और कर्मचारियों से जुड़े रिश्वतखोरी के मामलों में लगातार कार्रवाई देखने को मिल रही है। इससे पहले गोड्डा में भी एसबीआई के एक बैंक प्रबंधक को रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया गया था।
Read also: Jharkhand Movement:पहचान और सम्मान की मांग पर अड़े आंदोलनकारी, पुलिस से टकराव की स्थिति

