Home » Hazaribagh Murder Case : केदारनाथ यात्रा पर निकले युवक की हत्या का पर्दाफाश, लूटी गई कार व मोबाइल के साथ दो गिरफ्तार

Hazaribagh Murder Case : केदारनाथ यात्रा पर निकले युवक की हत्या का पर्दाफाश, लूटी गई कार व मोबाइल के साथ दो गिरफ्तार

Jharkhand Hindi News :  करसो पुल के समीप 8 जून को हुई थी हत्या, पूछताछ में आरोपियों ने कई लूट और चोरी की वारदातों में संलिप्तता स्वीकार की

by Rakesh Pandey
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

हजारीबाग: केदारनाथ की यात्रा पर निकले युवक की हत्या की गुत्थी सुलझाने का दावा पुलिस ने किया है। बरही थाना क्षेत्र के करसो पुल के समीप हुई इस सनसनीखेज हत्या का पुलिस ने महज दो दिनों के भीतर पर्दाफाश कर बड़ी सफलता हासिल की है। हत्या की घटना के बाद जांच के लिए गठित स्पेशल टास्क फोर्स की ओर से दो लोगों की गिरफ्तारी को एक बड़ी सफलता के रूप में देखा जा रहा है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपितों ने न केवल हत्या की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है, बल्कि पूछताछ के दौरान कई अन्य लूट और चोरी की वारदातों में भी शामिल होने की बात भी स्वीकार की है।

आठ जून को हुई थी विक्की की हत्या

हजारीबाग के ओमनी मोहल्ला निवासी विक्की कुमार सोनी की हत्या विगत आठ जून की शाम को की गई थी। बताया जा रहा है कि विक्की अपने एक मित्र के साथ कोडरमा की ओर जा रहे थे। वह केदारनाथ यात्रा पर निकलने की तैयारी में थे। बरही थाना क्षेत्र अंतर्गत करसो पुल के समीप घात लगाए अपराधियों ने उन्हें निशाना बनाया था। गोली मारकर विक्की कुमार सोनी की हत्या कर दी। इस हत्याकांड को अंजाम देने के बाद अपराधी मौके से फरार हो गए थे। उधर, घटना की सूचना मिलते ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी। परिवार के लोगों के साथ ही स्थानीय लोगों में भी इस घटना को लेकर काफी आक्रोश था।

घटनास्थल से मिले साक्ष्य व तकनीकी विश्लेषण से पकड़ में आए अपराधी

हत्याकांड के बाद पुलिस अधीक्षक अमन कुमार ने एक स्पेशल टास्क फोर्स का गठन किया था। इस स्पेशल टास्क फोर्स के सदस्यों ने घटनास्थल से कई साक्ष्य जुटाए थे। साथ ही सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल लोकेशन व तकनीकी विश्लेषण के आधार पर लगातार छापेमारी की जा रही थी। जांच-पड़ताल के दौरान पुलिस के हत्थे कई महत्वपूर्ण सुराग लगे। इन्ही सुरागों के आधार पर नवादा निवासी विक्रम कुमार और गया निवासी दिलीप कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों की उम्र लगभग 25 वर्ष बताई गई है।

मृतक की कार, आरोपियों के मोबाइल फोन पुलिस ने किए जब्त

पुलिस की ओर से की गई पूछताछ में आरोपियों ने हत्याकांड में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। दोनों आरोपियों के बयान के आधार पर पुलिस ने विक्की की हुंडई कार (जेएच02एई-0232) बरामद कर ली है। इसके अलावा आरोपियों के कब्जे से दो मोबाइल फोन भी पुलिस ने जब्त किए हैं। पुलिस का मानना है कि इन मोबाइल फोन से अपराधियों के नेटवर्क और अन्य घटनाओं से जुड़े अहम सुराग मिल सकते हैं।

पेशेवर अपराधी हैं दोनों आरोपी

पुलिस की ओर से की जा रही जांच में यह बात सामने आ रही है कि पकड़े गए दोनों आरोपी पेशेवर किस्म के हैं। ये दोनों इसके पहले भी कई लूट एवं चोरी की घटनाओं को अंजाम दे चुके हैं। पुलिस को उम्मीद है कि इनकी गिरफ्तारी से कई लंबित मामलों के खुलासे में भी मदद मिलेगी। पुलिस इनके आपराधिक इतिहास को खंगालने के साथ-साथ यह पता लगाने में जुटी है कि इस गिरोह में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।

पुलिस टीम में ये रहे शामिलहत्याकांड का पर्दाफाश करने के लिए चलाए गए अभियान में बरही अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी राधाप्रेम किशोर, थाना प्रभारी बिनोद कुमार, बरही थाना की टीम तथा तकनीकी शाखा के अधिकारियों ने अहम भूमिका निभाई। पुलिस का कहना है कि मामले में अभी और जांच चल रही है। जल्द ही हत्याकांड से जुड़े अन्य तथ्य भी सामने आएंगे। फिलहाल जांच चल रही है।

Read Also- Jamshedpur Electric Department: ग्रामीण इलाकों के श्रमिकों को विद्युत विभाग नहीं दे रहा सेफ्टी आइटम, जीएम ऑफिस की होगी तलाबंदी

Related Articles

Leave a Comment