
चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले के चक्रधरपुर विद्युत विभाग की कार्यशैली को लेकर स्थानीय निवासियों में भारी असंतोष पनप रहा है। ताजा मामला चक्रधरपुर शहर से सटे केपीएस स्कूल के पास का है, जहां विभाग द्वारा उठाए गए एकतरफा कदम से कराईकेला और आसपास के क्षेत्रों के लोग बेहद नाराज हैं। विद्युत विभाग ने चक्रधरपुर पावर ग्रिड से कराईकेला की ओर जाने वाली वर्षों पुरानी बिजली आपूर्ति लाइन को हटा दिया गया है। वर्तमान व्यवस्था के तहत कराईकेला, केरा और समीपवर्ती ग्रामीण इलाकों में बिजली की आपूर्ति लांडूपोदा पावर सब-स्टेशन के जरिए की जा रही है। ग्रामीणों का तर्क है कि बैकअप लाइन को समाप्त कर देने से अब पूरा क्षेत्र पूरी तरह एक ही सब-स्टेशन पर निर्भर हो गया है। यदि किसी तकनीकी खराबी या प्राकृतिक कारण से लांडूपोदा सब-स्टेशन की आपूर्ति ठप होती है, तो दर्जनों गांव पूरी तरह अंधेरे में डूब जाएंगे।
निजी लाभ पहुंचाने का आरोप
स्थानीय ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि विभागीय अधिकारियों और ठेकेदार की सांठगांठ से निजी स्वार्थ सिद्धि के लिए इस पुरानी और चालू लाइन को हटाया गया है। पूर्व में कराईकेला को चक्रधरपुर पावर ग्रिड से निर्बाध बिजली मिलती थी, परंतु इस सप्ताह अचानक ठेकेदार को लगाकर पुरानी लाइन के तारों और पोलों को कटवा दिया गया। इस कदम से कुछ विशेष लोगों को सीधा फायदा पहुंचाने की बात सामने आ रही है।
सरकारी दिशा-निर्देशों की अनदेखी
एक ओर जहां विभाग नए वैकल्पिक रूट की योजना का हवाला दे रहा है, वहीं दूसरी ओर चालू व व्यवस्थित पुरानी लाइन को पूरी तरह ध्वस्त कर देने पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। शासन और उच्चाधिकारियों का स्पष्ट निर्देश है कि नई व्यवस्था लागू होने तक पुरानी लाइनों को ‘स्टैंडबाय’ मोड पर चालू स्थिति में रखा जाए, ताकि आपात स्थिति में आपूर्ति बाधित न हो।

मरम्मत के बजाय पूरी लाइन ही कर दी बंद
विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार, करीब तीन माह पूर्व तेज आंधी-तूफान के कारण कराईकेला लाइन के एक-दो बिजली के खंभे गिर गए थे। उस समय बारिश का मौसम होने के कारण विभाग पोल दुरुस्त नहीं कर पाया था। ग्रामीणों का कहना है कि मौसम ठीक होने पर खंभे खड़े करने के बजाय, विभागीय मिलीभगत से पूरी लाइन को ही हमेशा के लिए समाप्त कर दिया गया। ग्रामीण अब इस मामले में उच्चस्तरीय जांच और पुरानी व्यवस्था को तत्काल बहाल करने की मांग कर रहे हैं।
क्या कहते हैं जिम्मेदार अधिकारी
विद्युत विभाग चक्रधरपुर एसडीओ भामापद टुडू ने कहा कि सोनुवा रोड कॉन्सेप्ट स्कूल के पास बारिश में विद्युत पॉल गिर गया था। बारिश खत्म होने के बाद पॉल को गाड़ दिया जाएगा। लेकिन पॉल से तार हटाए जाने की जब पूछा गया तो उन्होंने सीधा कहा कि मुझे इसके नहीं है। मामले को संज्ञान में लेकर जल्द ही मरम्मत किया जाएगा। शहर में बिजली व्यवस्था को लेकर अगर किसी प्रकार के कोई दिक्कत या बिजली कनेक्शन काटे जाने का मामला हो तो एसडीओ को इसकी जानकारी दी जाती है। लेकिन जिस प्रकार के उन्होंने जाहिर किया है, इससे साफ जाहिर हो रहा है कि कहीं ना कहीं इस मामले की पूरी जानकारी है।
Read Also: Chaibasa News : चाईबासा में जिला परिषद की बड़ी कार्रवाई, जर्जर दुकानों को किया सील

