
रांची : झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मां रूपी सोरेन के स्वास्थ्य को लेकर चिंता एक बार फिर बढ़ गई है। सोमवार को सेहत में सुधार के संकेत मिलने के बाद मंगलवार को उनकी तबीयत अचानक दोबारा बिगड़ गई। खबर मिलते ही अस्पताल का मेडिकल स्टाफ तुरंत मुस्तैद हो गया और विशेषज्ञ डॉक्टरों ने उनकी स्थिति की समीक्षा की।
बताया जा रहा है कि उन्हें दिमाग और किडनी से जुड़ी परेशानियां हैं। शहर के वरिष्ठ डॉक्टर लगातार उनकी सेहत पर नजर बनाए हुए हैं। हालांकि, अस्पताल प्रशासन ने अभी तक उनके स्वास्थ्य को लेकर कोई आधिकारिक मेडिकल बुलेटिन जारी नहीं किया है।
फिलहाल रांची में ही चलेगा इलाज
मां की तबीयत बिगड़ने की खबर मिलते ही मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और विधायक कल्पना सोरेन बरियातू स्थित ‘हिल व्यू हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर’ पहुंचे। दोनों ने देर शाम तक अस्पताल में रुककर डॉक्टरों से उनके इलाज और सेहत का पूरा हाल जाना।
मंगलवार शाम को उन्हें बेहतर इलाज के लिए हैदराबाद एयरलिफ्ट करने की चर्चाएं भी तेजी से चलीं। हालांकि, डॉक्टरों से सलाह-मशविरा करने के बाद फिलहाल उन्हें रांची में ही रखकर इलाज देने का फैसला लिया गया है।
आपको बता दें कि बीते शुक्रवार को अचानक सांस लेने में तकलीफ होने के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। तब से दिशोम गुरु शिबू सोरेन की पत्नी रूपी सोरेन डॉक्टरों की देखरेख में इलाज करा रही हैं।
Read Also: West Singhbhum News: पश्चिमी सिंहभूम में धूमधाम से मना करमा महापर्व, बहनों ने की भाइयों की लंबी उम्र की कामना

