
कार्मिक ने जारी की अधिसूचना
रांची: झारखंड राज्य सूचना आयोग में लंबे समय से लंबित सूचना आयुक्तों की नियुक्ति का रास्ता साफ हो गया है। राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने राज्य सरकार की ओर से भेजे गए प्रस्ताव पर स्वीकृति देते हुए अनुज कुमार सिन्हा, तनुज खत्री, अमूल्य नीरज खलखो और शिवपूजन पाठक को सूचना आयुक्त नियुक्त करने की मंजूरी दे दी है। राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार की सहमति मिलने के बाद कार्मिक, प्रशासनिक सुधार एवं राजभाषा विभाग ने बुधवार को चार सूचना आयुक्तों की नियुक्ति संबंधी अधिसूचना जारी कर दी।अधिसूचना में कहा गया है कि सूचना आयुक्तों की नियुक्ति उनके शपथ ग्रहण की तिथि से प्रभावी होगी। उनका कार्यकाल तीन वर्ष अथवा 65 वर्ष की आयु, जो पहले हो, तक रहेगा।
राज्यपाल ने इन नियुक्तियों को कुछ शर्तों के साथ अनुमोदित किया है। उन्होंने राज्य सरकार को निर्देश दिया है कि झारखंड राज्य सूचना आयोग में मुख्य सूचना आयुक्त की नियुक्ति भी जल्द सुनिश्चित की जाए, ताकि आयोग का कामकाज सुचारु और प्रभावी ढंग से संचालित हो सके।
साथ ही राज्यपाल ने स्पष्ट किया है कि नियुक्ति प्रक्रिया में यदि किसी प्रकार की प्रक्रियागत त्रुटि पाई जाती है या उच्चतम न्यायालय के आदेशों के अनुपालन से जुड़ा कोई प्रश्न उठता है, तो इसकी पूरी जिम्मेदारी राज्य सरकार की होगी।
गौरतलब है कि सूचना आयुक्तों की नियुक्ति को लेकर पिछले कई महीनों से राज्य सरकार और राजभवन के बीच गतिरोध बना हुआ था। राज्यपाल की मंजूरी के बाद अब आयोग में रिक्त पदों को भरने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति हुई है।
Read Also- Palamu Murder News : पलामू के नादगाड़ गांव में 66 वर्षीय बुजुर्ग की हत्या से सनसनी

