Chaibasa : पश्चिमी सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज एवं नगर परिषद चाईबासा के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय ट्रेड लाइसेंस नवीकरण एवं होल्डिंग टैक्स शिविर का मंगलवार को सफलतापूर्वक समापन हुआ। शिविर में कुल 4,33,000 रुपये का राजस्व संग्रह किया गया।
52 नए लाइसेंस बने, 128 लोगों ने जमा किया टैक्स
शिविर में बड़ी संख्या में व्यापारियों एवं नागरिकों ने भाग लिया। इस दौरान 52 नए ट्रेड लाइसेंस जारी किए गए और पुराने लाइसेंसों का नवीकरण किया गया। साथ ही 128 लोगों ने अपना होल्डिंग एवं वाटर टैक्स जमा किया। एक ही स्थान पर सभी सेवाएं मिलने से व्यापारियों और आम नागरिकों को काफी सुविधा हुई।
चैंबर ने जताया नगर परिषद का आभार
पश्चिमी सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज ने सफल आयोजन के लिए नगर परिषद चाईबासा के सभी अधिकारियों एवं कर्मियों का आभार जताया। विशेष रूप से नगर परिषद अध्यक्ष नितिन प्रकाश, उपाध्यक्ष विकास शर्मा, कार्यपालक पदाधिकारी संतोषिनी मुर्मू, टैक्स कलेक्टर मनमोहन सिंह, अभिषेक कुमार एवं श्रीकांत के सक्रिय सहयोग और समर्पण के लिए धन्यवाद दिया गया।
भविष्य में भी जारी रहेंगे ऐसे शिविर: चैंबर अध्यक्ष
चैंबर के अध्यक्ष निरंजन अग्रवाल ने कहा कि इस प्रकार के जनहितकारी शिविरों से व्यापारियों एवं नागरिकों को काफी सुविधा मिलती है तथा राजस्व संग्रह में भी वृद्धि होती है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि भविष्य में भी नगर परिषद का सहयोग मिलता रहेगा और ऐसे उपयोगी शिविर निरंतर आयोजित किए जाएंगे।
कार्यक्रम में संस्थापक विकास चंद्र मिश्रा, सचिव आयुष दौदराजका, कोषाध्यक्ष शंभू पिरोजीवाला, संयोजक ओमप्रकाश केडिया, कार्य समिति सदस्य गौरी शंकर चिरानिया, कुमुदिनी सिंह, रवि अग्रवाल, कुणाल सराफ, विशाल नेवटिया, सूरज विश्वकर्मा, राधे श्याम दास समेत अनेक सदस्य एवं गणमान्य लोग उपस्थित थे।

