Jamshedpur : कदमा थाना क्षेत्र के रामजनम नगर स्थित बिहारी बस्ती में बुधवार की रात पुरानी रंजिश को लेकर मारपीट और फायरिंग की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना को लेकर रामजनम नगर निवासी समीर नाग ने कदमा थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है।
गौरतलब है कि समीर नाग अपने दोस्तों सन्नी गुप्ता और विकास तांती के साथ मरीन ड्राइव हाईवे के नीचे स्थित एक शौचालय के पास खड़ा था। इसी दौरान दो मोटरसाइकिलों पर सवार होकर छह युवक वहां पहुंचे और पुराने विवाद को लेकर तीनों के साथ गाली-गलौज करने लगे। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोपियों ने मारपीट शुरू कर दी।
समीर नाग ने आरोप लगाया है कि हमलावरों ने ईंट-पत्थरों से हमला किया, जिससे उसके सिर पर गंभीर चोट लगी। वहीं उसके दोनों साथी भी इस हमले में घायल हो गए। किसी तरह तीनों ने खुद को बचाने का प्रयास किया, लेकिन आरोपियों का हमला जारी रहा।
शिकायत में यह भी कहा गया है कि मारपीट के बाद आरोपी आसू कर्मकार ने जान से मारने की नीयत से तीन राउंड फायरिंग की। हालांकि गोली किसी को नहीं लगी और तीनों युवक मौके से भागकर अपनी जान बचाने में सफल रहे।
घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। सूचना मिलने के बाद कदमा थाना पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Read also – Chaibasa News : चक्रधरपुर के बर्टन लेक में मिला अज्ञात महिला का कंकाल, इलाके में सनसनी, जांच में जुटी पुलिस

