
चाईबासा : NEET परीक्षा में हुए कथित पेपर लीक मामले और दिल्ली में प्रदर्शनकारी छात्रों पर हुए पुलिस लाठीचार्ज के विरोध में शनिवार को चक्रधरपुर की सड़कों पर छात्रों का गुस्सा फूट पड़ा। छात्र एकता मंच के बैनर तले आयोजित छात्र अधिकार रैली में सैकड़ों की संख्या में छात्रों, युवाओं और स्थानीय संगठनों ने हिस्सा लिया और केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
कारमेल स्कूल चौक से अनुमंडल कार्यालय तक निकला जुलूस
यह रैली शहर के कारमेल स्कूल चौक से शुरू होकर इतवारी बाजार, कुसुम कुंज मोड़, रेलवे ओवरब्रिज, पवन चौक, भगत सिंह चौक और चेकनाका होते हुए अनुमंडल पदाधिकारी कार्यालय पहुंची। प्रदर्शन के दौरान भगत सिंह चौक पर आंदोलित छात्रों ने केंद्र सरकार, प्रधानमंत्री, गृहमंत्री और शिक्षा मंत्री का पुतला दहन किया।
शिक्षा मंत्री के इस्तीफे और पारदर्शी परीक्षा प्रणाली की मांग
रैली में शामिल युवाओं ने परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता लाने, पेपर लीक के दोषियों पर कठोर दंडात्मक कार्रवाई करने और दिल्ली पुलिस द्वारा किए गए लाठीचार्ज की कड़े शब्दों में निंदा की। छात्र प्रतिनिधियों ने घटना की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की। लोगों का कहना है कि लगातार हो रही पेपर लीक की घटनाएं देश के लाखों होनहार विद्यार्थियों के भविष्य के साथ खिलवाड़ हैं। सरकार को इसकी जवाबदेही तय करनी होगी और परीक्षा व्यवस्था को पारदर्शी व विश्वसनीय बनाने के लिए ठोस कदम उठाने होंगे।
राष्ट्रपति के नाम SDO को सौंपा ज्ञापन
रैली के समापन पर छात्र एकता मंच के एक प्रतिनिधिमंडल ने राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन अनुमंडल अधिकारी को सौंपा। ज्ञापन में NEET मामले की निष्पक्ष जांच कराने, दोषियों को सख्त सजा देने तथा देशभर के विद्यार्थियों के हित में ठोस नीति बनाने का आग्रह किया गया है।
सामाजिक व राजनीतिक संगठनों का मिला समर्थन
छात्रों के इस आंदोलन को व्यापक जनसमर्थन मिला। रैली में विभिन्न राजनीतिक दलों, सामाजिक एवं छात्र संगठनों के प्रतिनिधियों के अलावा शिक्षाविद, व्यापारी और ठेकेदार भी शामिल हुए। मार्ग में पवन चौक के समीप ‘टीम बैरम खान’ द्वारा रैली में शामिल प्रतिभागियों के लिए पानी, फल और बिस्कुट का वितरण किया गया।
प्रमुख रूप से उपस्थित लोग
आंदोलन में अनुप महतो, आमिर, शिव शंकर सामड, सलुका बोदरा, अजय कुंभकार, अमन मुस्तफा, प्रीतम बांकिरा, तौहिद आलम, सन्नी रॉबर्ट, विजय सुंबरुई, हर्ष बाजरा, मोहम्मद अशरफ, अंकित होनहागा, संजय साहू, धीरज कटियार, सन्नी खान, नीतीश दोंगो, नदीम मुस्तफा, मिथिलेश केराई, डेविड सागर मुंडा, देवेश महतो और आफताब सहित, गिलवान अनवर, अनुप्रिया सोय, मो ताहिद, मो जुनेद उर्फ बंटी समेत संख्या में छात्र-युवा उपस्थित थे।
Read Also West singhbhum News : कराईकेला बाजार में हथियार के साथ युवक गिरफ्तार, देसी कट्टा और बाइक बरामद

