
लातेहार : जिले के बालूमाथ क्षेत्र में शनिवार को एक दर्दनाक हादसे के बाद दो परिवारों में मातम छा गया। गणेशपुर हाई स्कूल के पास दो तेज रफ्तार मोटरसाइकिलों के बीच सीधी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि गाड़ियों के परखच्चे उड़ गए और दो लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि तीन व्यक्ति जिंदगी की जंग लड़ रहे हैं।
आसपास के लोगों ने बताया कि हजारीबाग के केरेडारी निवासी 32 वर्षीय महावीर गंझू अपनी बाइक पर दो लोगों को बिठाकर अपनी ससुराल से लौट रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही एक दूसरी तेज रफ्तार बाइक से उनकी सीधी भिड़ंत हो गई। उस बाइक पर 23 साल के पंकज उरांव अपने साथी संजय उरांव के साथ सवार थे। इस जबरदस्त भिड़ंत में महावीर गंझू और पंकज उरांव की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, घटना में 35 साल की सविता देवी, 13 साल की मासूम फूलमती और 21 साल का संजय उरांव गंभीर रूप से जख्मी हो गए।
दुर्घटना के तुरंत बाद स्थानीय स्नेह फाउंडेशन की टीम और सीसीएल की मेडिकल यूनिट मौके पर पहुंची। सभी घायलों को फौरन बालूमाथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने शुरुआती इलाज तो किया, लेकिन तीनों की नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए रांची (रिम्स) भेज दिया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी अमरेंद्र कुमार ने बताया कि दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया है और मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।


