Home » Raghuvar Das : खनिज संपदा पर भ्रम फैलाकर जनता को गुमराह कर रहा झारखंड मुक्ति मोर्चा और कांग्रेस, MMDR संशोधन से झारखंड के हित सुरक्षितः रघुवर दास

Raghuvar Das : खनिज संपदा पर भ्रम फैलाकर जनता को गुमराह कर रहा झारखंड मुक्ति मोर्चा और कांग्रेस, MMDR संशोधन से झारखंड के हित सुरक्षितः रघुवर दास

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि वास्तविकता यह है कि खनिज क्षेत्र में उत्पादन और निवेश बढ़ेगा तो रोजगार के साथ-साथ राज्य को रॉयल्टी, नीलामी प्रीमियम और अन्य मदों से राजस्व प्राप्त होगा

by Rajeshwar Pandey
Raghuvar Das
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिला भाजपा की ओर से रविवार को कैफेटेरिया, चाईबासा में MMDR (Mines and Minerals Development and Regulation Act) संशोधन विधेयक को लेकर एक प्रेस वार्ता आयोजित की गई। मौके पर मुख्य वक्ता पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि झारखंड मुक्ति मोर्चा और कांग्रेस खनिज संपदा एवं MMDR संशोधन को लेकर जनता के बीच भ्रम फैलाकर राजनीतिक लाभ लेने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि वास्तविकता यह है कि खनिज क्षेत्र में उत्पादन और निवेश बढ़ेगा तो रोजगार के साथ-साथ राज्य को रॉयल्टी, नीलामी प्रीमियम और अन्य मदों से राजस्व प्राप्त होगा।

राजस्व और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मिलेगा लाभ

रघुवर दास ने कहा कि पश्चिमी सिंहभूम जैसे खनिज संपदा से समृद्ध जिले में अनेक लौह अयस्क खदानें वर्षों से बंद हैं। उपलब्ध सरकारी आंकड़ों के अनुसार 2023 में झारखंड की 15 लौह अयस्क/लौह अयस्क-मैगनीज खनन लीज में केवल 7 कार्यरत थीं। उन्होंने कहा कि यदि बंद खदानों का समयबद्ध नीलामी और वैधानिक प्रक्रियाओं के बाद संचालन हो, तो राज्य के राजस्व और स्थानीय अर्थव्यवस्था को बड़ा लाभ मिल सकता है।

DMF/DMFT का नहीं मिल रहा अपेक्षित लाभ

रघुवर दास ने DMF/DMFT को लेकर भी राज्य सरकार पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने खनन प्रभावित क्षेत्रों और प्रभावित लोगों के विकास के लिए District Mineral Foundation की व्यवस्था की, ताकि पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा, कौशल विकास और अन्य बुनियादी सुविधाओं पर राशि खर्च हो। CAG के अनुसार मार्च 2023 तक झारखंड के DMFTs में ₹4,003.51 करोड़ जमा हुए थे, जबकि ₹1,826.46 करोड़ खर्च किए गए। रघुवर दास ने आरोप लगाया कि इस राशि का अपेक्षित लाभ खनन प्रभावित आदिवासी और मूलवासी परिवारों तक नहीं पहुंच रहा तथा योजनाओं में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की आवश्यकता है।
खदानों की नीलामी में अनावश्यक देरी से हो रहा नुकसान

उन्होंने कहा कि सरकार को स्पष्ट करना चाहिए कि खनन प्रभावित गांवों में शुद्ध पेयजल, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, स्वास्थ्य सुविधा और रोजगार के लिए DMF की राशि का कितना उपयोग हुआ। “जिस पैसे पर पहला अधिकार खनन प्रभावित जनता का है, उसकी बंदरबांट किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं की जा सकती।” पूर्व मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि खदानों की नीलामी और संचालन में अनावश्यक देरी से वैध खनन तथा राजस्व को नुकसान होता है और अवैध उत्खनन को अवसर मिलता है। उन्होंने कहा कि अवैध खनन से जुड़े लोगों और राजनीतिक संरक्षण के आरोप समय-समय पर समाचारों में सामने आते रहे हैं। उन्होंने मांग की कि सरकार पूरे मामले की पारदर्शी जांच कराए और दोषी पाए जाने वालों पर कार्रवाई करे।

खनिज संपदा राज्य की आर्थिक ताकत

रघुवर दास ने कहा कि आयरन ओर से लेकर कोयला क्षेत्र तक झारखंड की खनिज संपदा राज्य की आर्थिक ताकत बन सकती है, लेकिन इसके लिए पारदर्शी नीलामी, समयबद्ध खनन, पर्यावरणीय नियमों का पालन और DMF राशि का जनहित में उपयोग जरूरी है। उन्होंने कहा कि जिस सरकार ने आदिवासी-मूलवासी के अधिकार और विकास के नाम पर सत्ता हासिल की, उसे बताना चाहिए कि खनिज संपदा से मिलने वाले लाभ का वास्तविक फायदा गांवों तक क्यों नहीं पहुंच रहा। उन्होंने राज्य सरकार पर भ्रष्टाचार और प्रशासनिक विफलता का आरोप लगाते हुए कहा कि आज ऐसा कोई विभाग नहीं है, जहां भ्रष्टाचार की शिकायतें सामने नहीं आ रही हों।

अपने व वर्तमान सरकार के कार्यकाल पर तथ्यात्मक बहस के लिए तैयार: रघुवर

रघुवर दास ने कहा कि विकास और शासन के मुद्दे पर वह अपने पांच वर्ष के मुख्यमंत्री कार्यकाल और वर्तमान हेमंत सरकार के छह वर्ष के कार्यकाल की उपलब्धियों एवं कार्यों पर किसी भी सार्वजनिक मंच पर तथ्यात्मक बहस के लिए तैयार हैं। उन्होंने जनता से अपील की कि राजनीतिक नारों के बजाय खनिज, रोजगार, राजस्व, DMF, शिक्षा, स्वास्थ्य और विकास के वास्तविक आंकड़ों के आधार पर सरकार के काम का मूल्यांकन करें। प्रेस वार्ता में पूर्व मंत्री बड़कुंवर गागराई, जिलाध्यक्ष गीता बालमुचू, पूर्व जिलाध्यक्ष संजय पांडे, प्रदेश कार्यकारी सदस्य सतीश पुरी, महामंत्री भूषण पाठ पिंगुआ, पूर्व जिलाध्यक्ष मनीष राम, पूर्व विधायक जवाहरलाल बांद्रा एवं जिला मीडिया प्रभारी जितेंद्र नाथ ओझा उपस्थित रहे।

Read Also- Jamshedpur News : पिकल बॉल चैंपियनशिप में जमशेदपुर के छात्र ने हासिल किया दूसरा स्थान, राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए हुआ चयन

Related Articles

Leave a Comment