Home » Chatra News : कपड़े धोते समय पैर फिसलने से पानी भरे गड्ढे में गिर कर महिला की मौत, मुआवजे की मांग पर ग्रामीणों का हंगामा

Chatra News : कपड़े धोते समय पैर फिसलने से पानी भरे गड्ढे में गिर कर महिला की मौत, मुआवजे की मांग पर ग्रामीणों का हंगामा

गहरे पानी में डूबने से गई जान, निर्माण कार्य के लिए खोदे गए गड्ढे को बताया हादसे की वजह, चार बेटों और तीन बेटियों का सहारा थीं मृतका, गांव में पसरा मातम

by Mujtaba Haider Rizvi
chatra news today
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Chatra : हंटरगंज थाना क्षेत्र के तरवागाड़ा पंचायत स्थित राहरबार गांव में सोमवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में 52 वर्षीय महिला की पानी से भरे गड्ढे में डूबने से मौत हो गई। मृतका की पहचान स्वर्गीय विदेशी दास की पत्नी रामपतिया देवी के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों और ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की।

जानकारी के अनुसार, रामपतिया देवी गांव में वर्षों से पारंपरिक प्रसव सेवा का कार्य करती थीं। सोमवार सुबह वह शंभू भुइयां के घर प्रसव कराने गई थीं। प्रसव संपन्न कराने के बाद लौटते समय वह नहर किनारे पानी से भरे एक गड्ढे के पास कपड़े धोने लगीं। इसी दौरान उनका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में डूब गईं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वहां से गुजर रहे एक ट्रक चालक ने उन्हें डूबते देखा और बचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी और उनकी मौत हो गई।

घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों का आरोप है कि गोलाई नहर से सुग्गी गांव तक चल रहे निर्माण कार्य के दौरान ठेकेदार ने मिट्टी निकालने के लिए कई गहरे गड्ढे खोद दिए थे। बारिश का पानी भर जाने के बाद ये गड्ढे जानलेवा बन गए हैं, लेकिन इन्हें भरने की कोई व्यवस्था नहीं की गई।

ग्रामीणों ने मृतका के परिवार को उचित मुआवजा देने, निर्माण एजेंसी की जिम्मेदारी तय करने तथा क्षेत्र के सभी खतरनाक गड्ढों को तत्काल भरवाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

सूचना मिलने पर हंटरगंज थाना के एसआई अनुज कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, चतरा भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।

बताया जाता है कि रामपतिया देवी के पति का निधन करीब तीन वर्ष पहले हो गया था। इसके बाद वह प्रसव सेवा का कार्य कर अपने चार पुत्रों और तीन पुत्रियों का पालन-पोषण कर रही थीं। उनकी अचानक हुई मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना की सूचना मिलते ही मुखिया प्रतिनिधि दिलीप दास भी मौके पर पहुंचे और शोक संतप्त परिवार को सांत्वना देते हुए हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया।

Read Also- Bokaro News: बोकारो में ब्राउन शुगर तस्कर गिरफ्तार, दो पुड़िया नशा और 8,450 रुपये नकद जब्त

Related Articles

Leave a Comment