Home » Jamshedpur News : दो साल बाद भी सड़क निर्माण शुरू नहीं होने पर भड़के विधायक संजीव सरदार, दो ठेकेदारों पर गिरी गाज

Jamshedpur News : दो साल बाद भी सड़क निर्माण शुरू नहीं होने पर भड़के विधायक संजीव सरदार, दो ठेकेदारों पर गिरी गाज

by Mujtaba Haider Rizvi
jamshedpur Road Construction irregularity
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Jamshedpur : पोटका विधानसभा क्षेत्र में लंबे समय से लंबित सड़क निर्माण योजनाओं को लेकर विधायक संजीव सरदार ने ग्रामीण कार्य विभाग के अधिकारियों के साथ जमशेदपुर परिसदन में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में कई सड़कों का काम टेंडर और कार्य आवंटन के बावजूद शुरू नहीं होने पर विधायक ने अधिकारियों और संबंधित ठेकेदारों पर कड़ी नाराजगी जताई। इन्हें काली सूची में डाला जाएगा। विधायक ने अधिकारियों से सवाल किया कि जब सड़कों का टेंडर हो चुका है, तो दो-दो साल बाद भी निर्माण कार्य शुरू क्यों नहीं हुआ। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि लापरवाही बरतने वाले संवेदकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए और लंबित योजनाओं का री-टेंडर कराकर जल्द निर्माण शुरू कराया जाए।

तीन नोटिस के बाद भी काम नहीं हुआ शुरू

बैठक में अधिकारियों ने बताया कि मुख्यमंत्री ग्राम सड़क सुदृढ़ीकरण योजना के तहत पोटका प्रखंड में सरमदा-सानग्राम, सादेडीह-पोरा, समाईडीह-खापरसाई और रोलाडीह-खापरसाई सड़क के सुदृढ़ीकरण का काम सिरहा कंस्ट्रक्शन एंड डेवलपर्स प्राइवेट लिमिटेड को 7 अगस्त 2025 को आवंटित किया गया था। निर्धारित अवधि में काम शुरू नहीं होने पर कंपनी को 6 जनवरी और 20 जनवरी 2026 को नोटिस जारी किया गया। इसके बावजूद निर्माण कार्य शुरू नहीं किया गया और कंपनी की ओर से संतोषजनक जवाब भी नहीं दिया गया। इसके बाद विभाग ने कंपनी को डीबार करने की अनुशंसा की है।

करोड़ों की सड़क योजनाओं में आधा-अधूरा काम

करीब 11.14 करोड़ रुपये की लागत वाली हरिणा-बुनूडीह, एल-113 से पोरा, एल-89 से पोरसा, पिछली-बांधडीह, रादुर-कोपे, पूटूडोनी-सिदिरसाई और एचजे रोड से बेदेजुरा तक सड़क सुदृढ़ीकरण योजना का काम भी इसी कंपनी को दिया गया था। इनमें कुछ सड़कों पर केवल वेट मिक्स मैकाडम का काम किया गया है, जबकि कुछ जगहों पर सिर्फ गार्डवाल बनाया गया है। कई सड़कों पर अब तक निर्माण कार्य शुरू ही नहीं हुआ है। निर्धारित समय सीमा समाप्त होने के बाद भी काम की गति नहीं बढ़ने पर विभाग ने कई नोटिस जारी किए और अब कंपनी को डीबार करने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है।

16.52 करोड़ की विशेष मरम्मत योजना भी अधूरी

बैठक में 16.52 करोड़ रुपये की लागत वाली हाता-जादूगोड़ा-भुजुडीह, दबंकी-गोबरागोड़ा-मानपुर, कुलडीहा-राखा माइंस रेलवे स्टेशन और शाहजोरी-सोनापास सड़क की विशेष मरम्मत योजनाओं की भी समीक्षा हुई। इन योजनाओं का काम भी सिरहा कंस्ट्रक्शन को दिया गया था। कंपनी ने कुलडीहा मुख्य पथ से राखा माइंस रेलवे स्टेशन तक केवल चौड़ीकरण का काम किया, जबकि बाकी हिस्सों में निर्माण शुरू नहीं किया गया। कई नोटिस के बावजूद स्थिति में सुधार नहीं होने पर विभाग ने कंपनी को डीबार करने की अनुशंसा की है।

मिथिला एचआर कंस्ट्रक्शन पर भी कार्रवाई की तैयारी

रेलवे स्टेशन-बाहरदोरी-चेंगरा और कुदादा-छोटा तलसा सड़क सुदृढ़ीकरण का काम मिथिला एचआर कंस्ट्रक्शन एंड डेवलपर्स प्राइवेट लिमिटेड को आवंटित किया गया था। विभाग की ओर से 11 मार्च, 11 अप्रैल और 5 मई 2026 को नोटिस जारी किए जाने के बावजूद काम शुरू नहीं किया गया। इसके बाद इस कंपनी को भी डीबार करने की अनुशंसा की गई है।

विकास कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं: संजीव सरदार

विधायक संजीव सरदार ने कहा कि सड़क निर्माण ग्रामीण विकास की रीढ़ है। जनता से जुड़ी महत्वपूर्ण योजनाओं में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जिन ठेकेदारों ने समय पर काम शुरू नहीं किया है, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए और लंबित परियोजनाओं का जल्द री-टेंडर कराकर निर्माण शुरू कराया जाए। उन्होंने कहा कि पोटका के लोगों को बेहतर सड़क और आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। विकास योजनाओं में किसी भी स्तर पर ढिलाई स्वीकार नहीं की जाएगी।

पोटका में जल्द तीन नई सड़कों का भूमिपूजन

बैठक के बीच पोटका के लोगों के लिए राहत की खबर भी सामने आई। मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत विधानसभा क्षेत्र में तीन महत्वपूर्ण सड़कों का निर्माण जल्द शुरू कराया जाएगा।

इनमें गंभीरकोचा से जोजोगोड़ा तक 3.3 किलोमीटर सड़क का निर्माण 3.29 करोड़ रुपये की लागत से होगा। हल्दीपोखर चौक से मुस्लिम बस्ती होते हुए हेंसल सीमा तक 2.1 किलोमीटर सड़क के लिए 1.22 करोड़ रुपये तथा हेंसलामदा पंचायत के दीगरसाईं से पोडसागोड़ा तक 1.85 किलोमीटर सड़क के निर्माण के लिए 1.68 करोड़ रुपये स्वीकृत हैं। विधायक संजीव सरदार ने कहा कि ‘विकसित पोटका’ उनका संकल्प है। सड़क, बिजली, शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में योजनाबद्ध तरीके से काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पिछले छह वर्षों में पोटका में सड़क विकास को गति मिली है और जल्द ही इन तीनों योजनाओं का भूमिपूजन कर निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।

Read also Ranchi News: कोयला कारोबारियों के डिजिटल डिवाइस की होगी जांच,‌ ED के बुलावे पर फॉरेंसिक टीम रांची पहुंची

Related Articles

Leave a Comment