
चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले में लगातार हो रही बारिश के चलते बुधवार को एक हादसा हो गया। चक्रधरपुर शहर के वार्ड संख्या-4 क्रिश्चियन पट्टी में एक पुराने मकान की दीवार अचानक भरभराकर गिर गई। इस घटना में दो लोग घायल हो गए जबकि एक स्कूटी और तीन साइकिलें दबकर क्षतिग्रस्त हो गईं। जानकारी के अनुसार यह हादसा बुधवार सुबह करीब 10:30 बजे हुआ। कई दिनों से हो रही बारिश के कारण दीवार पहले से ही जर्जर हो चुकी थी। अचानक दीवार का हिस्सा टूटकर नीचे गिर पड़ा। उस समय वहां से गुजर रहे रमेश कसेरा और एक महिला मलबे की चपेट में आ गए। दोनों को पैर और शरीर के अन्य हिस्सों में मामूली चोटें आई हैं।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोगों ने तुरंत मलबा हटाकर घायलों को बाहर निकाला और प्राथमिक उपचार कराया। हादसे में वहां खड़ी एक स्कूटी और तीन साइकिलें भी मलबे में दबकर टूट-फूट गईं। दीवार का पूरा मलबा सड़क पर गिर जाने से कुछ देर के लिए आवागमन भी बाधित हो गया। बाद में स्थानीय लोगों की मदद से रास्ता साफ किया गया।स्थानीय निवासियों का कहना है कि लगातार बारिश के कारण शहर के कई पुराने और जर्जर मकान खतरे की जद में हैं। जरा सी और बारिश से और भी हादसे हो सकते हैं।
घटना के बाद क्षेत्र के लोगों ने जिला प्रशासन और नगर परिषद से मांग की है कि शहर में स्थित सभी जर्जर और पुराने भवनों की जांच कराई जाए। ऐसे भवनों को चिन्हित कर उन्हें खाली कराया जाए या उनकी मरम्मत कराई जाए ताकि भविष्य में इस तरह की दुर्घटनाओं से बचा जा सके।मौसम विभाग ने जिले में अगले कुछ दिनों तक और बारिश की संभावना जताई है। ऐसे में प्रशासन से अपील की जा रही है कि वह लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए त्वरित कदम उठाए।
Read Also Chaibasa News : डोडा तस्करी के दोषी को 15 साल कैद और 1.50 लाख जुर्माना


