
Ranchi : भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी के नेतृत्व में बुधवार को झारखंड भाजपा के एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह से मुलाकात की। इस दौरान छात्र आंदोलन समेत झारखंड से जुड़े कई समसामयिक और महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की गई।
मुलाकात के दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भाजपा नेताओं को आवश्यक दिशा-निर्देश और मार्गदर्शन दिया। प्रतिनिधिमंडल में प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी के अलावा पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा, रघुवर दास, चंपाई सोरेन, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रवींद्र राय और दीपक प्रकाश तथा संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह शामिल थे।
प्रतिनिधिमंडल ने झारखंड की वर्तमान राजनीतिक और सामाजिक परिस्थितियों समेत अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर केंद्रीय गृह मंत्री के साथ विचार-विमर्श किया।


