Home » Chakradharpur FCI Rice Theft : चावल चोरी करते रंगे हाथ पकड़ाया युवक, ट्रक ड्राइवरों ने खदेड़कर दबोचा

Chakradharpur FCI Rice Theft : चावल चोरी करते रंगे हाथ पकड़ाया युवक, ट्रक ड्राइवरों ने खदेड़कर दबोचा

by Rajeshwar Pandey
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

चाईबासा : झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के चक्रधरपुर प्रखंड कार्यालय स्थित एफसीआई गोदाम परिसर के बाहर एक चोर की चालाकी काम न आ सकी। खड़े ट्रक से चावल की बोरी पार कर रहे एक शातिर युवक को चालकों की मुस्तैदी से रंगे हाथ पकड़ लिया गया। पकड़ा गया आरोपी रेलवे क्षेत्र के गैंगखोली का निवासी विकास सतनामी बताया जा रहा है।

रात दो बजे खुली पोल

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ट्रक चालक संजय शर्मा सरायकेला के एफसीआई गोदाम से सरकारी चावल लादकर चक्रधरपुर पहुंचे थे। रविवार को साप्ताहिक अवकाश होने के कारण गोदाम बंद था, लिहाजा उन्होंने गाड़ी को प्रखंड कार्यालय के पास ही पार्क कर दिया और केबिन में सो गए।
रात करीब 2 बजे जब चालक की नींद खुली, तो उन्होंने देखा कि ट्रक के पिछले हिस्से को ढंकने वाला तिरपाल खुला हुआ है। चोरी का अंदेशा होते ही उन्होंने बिना देरी किए आसपास खड़े अन्य गाड़ियों के चालकों को जगाया और आसपास की नाकेबंदी शुरू कर दी।

खदेड़कर पकड़ा, ई-रिक्शा में ले जा रहा था माल

तलाश के दौरान ड्राइवरों की नजर प्रखंड कार्यालय के मुहाने पर पड़ी, जहां एक युवक ई-रिक्शा में चावल की बोरी लादकर रफूचक्कर होने की फिराक में था। चालकों ने जैसे ही उसे ललकारा, आरोपी ई-रिक्शा छोड़कर भागने लगा। हालांकि, सतर्क ड्राइवरों ने पीछा करते हुए कुछ ही दूरी पर उसे खदेड़कर धर दबोचा।

अधिकारियों के आने का इंतजार

पकड़े जाने के बाद चालकों ने आरोपी को सुरक्षा के लिहाज से ट्रक से बांधकर रख दिया। घटना की लिखित व मौखिक सूचना संबंधित विभागीय अधिकारियों और स्थानीय पुलिस को दे दी गई है। चालक संजय शर्मा के अनुसार, सोमवार सुबह एफसीआई के एजीएम के मौके पर पहुंचते ही आरोपी को कानूनी कार्रवाई के लिए उनके सुपुर्द कर दिया जाएगा।

Read Also- Koderma Train Cancelled: हावड़ा-कोडरमा रूट पर रेल सफर हुआ मुश्किल, 18 ट्रेनें रद्द, 10 का रूट डायवर्ट

Related Articles

Leave a Comment