Home » Jharkhand News: फिर रात में वित्त मंत्री ने संभाली जांच की कमान, तीन ओवरलोड वाहन पकड़े

Jharkhand News: फिर रात में वित्त मंत्री ने संभाली जांच की कमान, तीन ओवरलोड वाहन पकड़े

कार्रवाई की खबर मिलते ही मुख्य सड़क से ओवरलोड वाहनों की आवाजाही हुई बंद, नियमित जांच के दिए निर्देश

by Birendra Ojha
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

पलामू : झारखंड सरकार के वित्त मंत्री सह छतरपुर विधायक राधाकृष्ण किशोर ने एक बार फिर सोमवार की रात छतरपुर क्षेत्र में अचानक वाहन जांच अभियान चलाया। करमाकला पेट्रोल पंप के समीप रात करीब 11 बजे से एक बजे तक चले अभियान में ओवरलोड और जरूरी कागजात के अभाव में तीन वाहनों को पकड़ा गया। मंत्री ने सभी जब्त वाहनों को छतरपुर थाना पुलिस के हवाले कर दिया।
मंत्री के अचानक जांच अभियान की शुरुआत में किसी को जानकारी नहीं थी। जैसे ही इसकी सूचना वाहन संचालकों तक पहुंची, छतरपुर मुख्यपथ से गुजरने वाले ओवरलोड वाहनों की आवाजाही लगभग रुक गई। यही कारण रहा कि जांच के दौरान केवल तीन वाहन ही पकड़ में आए। पकड़े गए वाहनों में कोयला और छरी-पत्थर लदे वाहन शामिल बताए गए हैं।
वाहन जांच के दौरान जीएसटी विभाग के कर्मचारियों के साथ अन्य संबंधित पदाधिकारी भी मौजूद रहे। अभियान की जानकारी मिलने पर छतरपुर थाना प्रभारी सौरभ चौबे भी मौके पर पहुंचे। इसके बाद जब्त किए गए वाहनों को पुलिस थाना ले गई।
बताया गया कि वित्त मंत्री को लगातार ऐसी शिकायतें मिल रही थीं कि छतरपुर मुख्यपथ से बड़ी संख्या में ओवरलोड कोयला, छरी और पत्थर लदे वाहन गुजर रहे हैं। वाहनों की समुचित जांच नहीं होने के कारण सरकारी राजस्व को नुकसान पहुंचने की बात सामने आई थी। इसी सूचना के आधार पर मंत्री ने बिना किसी पूर्व सूचना के क्षेत्र में पहुंचकर स्वयं जांच शुरू कर दी।


थाना प्रभारी से बातचीत में वित्त मंत्री ने क्षेत्र में वाहनों की नियमित जांच सुनिश्चित करने और नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन संचालकों के खिलाफ कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि अवैध तरीके से वाहनों के परिचालन और जांच में लापरवाही से सरकारी राजस्व को नुकसान पहुंचता है। ऐसी गतिविधियों को किसी भी स्थिति में अनुमति नहीं दी जाएगी।
इससे पहले भी वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर रात के समय छतरपुर में कार्रवाई कर चुके हैं। उस दौरान बिहार ले जाए जा रहे मोरम और मिट्टी से लदे वाहनों को पकड़ा गया था और उन्हें छतरपुर थाना पुलिस के सुपुर्द किया गया था। ताजा कार्रवाई के बाद ओवरलोड वाहन संचालकों में हड़कंप मचा हुआ है।

Read Also: Jharkhand Crime : बिजली निगम में 109 करोड़ रुपये का घोटाला,FD तोड़कर फर्जी खातों में भेजे 40.50 करोड़ रुपये, 3 बड़े अफसरों पर गिरी गाज

 

Related Articles

Leave a Comment