
Jamshedpur : माफिया, राजनीति और पुलिस तंत्र के बीच टकराव की कहानी पर आधारित भोजपुरी फिल्म ‘दमदार खिलाड़ियों का खिलाड़ी’ इन दिनों चर्चा में है। फिल्म में अपराध, सत्ता और व्यवस्था के बीच संघर्ष को एक्शन और ड्रामा के जरिए पर्दे पर उतारने की कोशिश की गई है। अरावली आर्यन देवी फिल्म प्रोडक्शन और मूर्ति फिल्म क्रिएशन के बैनर तले बनी इस फिल्म का निर्देशन मुन्ना यादव ने किया है। फिल्म की निर्माता रानी कुमारी पांडे और टी. मार्था आओ हैं।
अभिनय और रचनात्मक क्षेत्र में काम कर चुके विवेक विशाल सिंह ‘खाकी: द बिहार चैप्टर’ सहित ‘मैं तुझपे फ़िदा’, ‘वर्चस्व’, ‘36 घंटे’, ‘मौका-ए-वारदात’, ‘रामायण’ और ‘’ जैसे प्रोजेक्ट्स से जुड़े रहे हैं। फिल्म में विवेक विशाल सिंह खुद गृह मंत्री की भूमिका में नजर आएंगे। उनका किरदार कहानी में भ्रष्ट राजनीतिक तंत्र का हिस्सा है। फिल्म की कहानी एक ऐसे पुलिस अधिकारी के संघर्ष को सामने लाती है, जो माफिया और राजनीति के गठजोड़ के खिलाफ मजबूती से खड़ा होता है।
फिल्म में अभिनेत्री शुभि शर्मा, बोनिता और अभिनेता प्रिंस मिश्रा प्रमुख भूमिकाओं में हैं। इनके अलावा मुन्ना यादव, राकेश पांडे, अभिषेक मुखी, उत्तम ब्रह्मा, रोज टीपी, रवि, मुस्ताक और कालीचरण भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म के तकनीकी पक्ष की जिम्मेदारी छायाकार सुरेंद्र कुजूर, कैमरा रवि साहू, लाइट धर्मेंद्र, लेखक संदीप स्वारांश, संगीतकार अनुज तिवारी, एक्शन निर्देशक प्रिंस मिश्रा और सहायक निर्देशक सतीश शीतल ने संभाली है।
झारखंड और नागालैंड में हुई शूटिंग
‘दमदार खिलाड़ियों का खिलाड़ी’ की शूटिंग झारखंड और नागालैंड के अलग-अलग लोकेशनों पर की गई है। फिल्म से जमशेदपुर का जुड़ाव भी खास है। इसकी सह-निर्माता रानी कुमारी पांडे जमशेदपुर में पली-बढ़ी हैं और उन्होंने अपनी शिक्षा भी इसी शहर से हासिल की है। फिल्म का प्रस्तावित प्रीमियर 11 अक्टूबर 2026 को नागालैंड के दिमापुर स्थित टाउन हॉल में होगा। फिल्म की कहानी, एक्शन और कलाकारों की टीम को देखते हुए इसे भोजपुरी सिनेमा की चर्चित फिल्मों में जगह मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

