स्टेट डेस्क, रांची : झारखंड के भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की ओर शुक्रवार को प्रदेश के दो जिलों में अलग-अलग छापेमारी की गयी। इसमें रिश्वत लेने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पहली छापेमारी पश्चिम सिंहभूम के चाईबासा में हुई है। इसमें ग्रामीण विकास विशेष प्रमंडल का लेखापाल 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते पकड़ा गया है। वहीं लोहरदगा में भ्रष्टाचार निरोधक दस्ता की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पंचायत सचिव को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ धर दबोचा है। एसीबी दोनों मामलों में आय से अधिक संपत्ति का पता लगा रही है।

पहली छापेमारी : चाईबासा में विशेष प्रमंडल का लेखापाल 50 हज़ार रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार
एसीबी जमशेदपुर की टीम में शुक्रवार को लगभग 11 बजे ग्रामीण विकास विशेष प्रमंडल चाईबासा के लेखापाल भावतारण सिंह को 50000 रुपये रिश्वत लेते रंग हाथ गिरफ्तार किया है।ग्रामीण विकास विशेष प्रमंडल द्वारा मनहारी के रोलाडीह में खेल मैदान में चेंजिंग रूम , शौचालय निर्माण के लिए 12 लाख 46 हजार 700 रुपये की योजना स्वीकृत की गई थी। आरोप है कि इससे जुड़े भुगतान के बदले रिश्वत की मांग की गई थी।एसीबी की टीम गिरफ्तार लेखापाल भावतारण सिंह को लेकर अपने साथ जमशेदपुर ले गई है। जानकारी मिल रही है कि टीम जमशेदपुर मानगो स्थित उनके आवास पर भी छापामारी कर रही है। एसीबी की टीम में डीएसपी, इस्पेक्टर सहित काफी संख्या में पुलिस बल शामिल थे।

कुछ ऐसी थी शिकायत
बताया गया कि लेखापाल भावतारण सिंह के खिलाफ रिश्वत मांगने की शिकायत निराकर बिरुआ ने की गई थी। एसीबी के समक्ष मामला दर्ज करा गया था। जिसके बाद टीम ने जांच पड़ताल की। आरोप सही साबित होने पर आरोपी को पकड़ने के लिए एसीबी की टीम.पूरी तैयारी के साथ पहुंची थी। एसीबी की टीम सदर प्रखंड कार्यालय के पीछे विशेष प्रमंडल ग्रामीण विकास विभाग के कार्यालय पहुंची। इसी दौरान आरोपी को ₹50000 घूस लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
दूसरा मामला : लोहरदगा में एसीबी ने रिश्वत लेते पंचायत सचिव को किया गिरफ्तार
लोहरदगा में भ्रष्टाचार निरोधक दस्ता की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पंचायत सचिव को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ धर दबोचा है। जिले के भंडरा प्रखंड में भ्रष्टाचार निरोधक दस्ता की टीम ने बड़ागाई पंचायत सचिव रविंद्र कुमार को शुक्रवार को रंगेहाथ 16500 रुपये रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है। पंचायत सचिव को एसीबी की टीम गिरफ्तार कर अपने साथ रांची ले गई है। एसीबी की इस कार्रवाई से हड़कंप मच गया है। भंडरा प्रखंड के बड़ागाई पंचायत अंतर्गत चट्टी गांव निवासी लाभुक छेदी राम व विकास गिरी द्वारा चट्टी में अदित साहू के घर से नया आंगनबाड़ी केंद्र तक विगत वर्ष 14वीं वित्त आयोग की राशि से पीसीसी पथ का निर्माण कराया गया था। जिसका भुगतान करने के नाम पर बड़ागाई पंचायत सचिव रविंद्र कुमार द्वारा लाभुक से रिश्वत की मांग की गई थी।

कुछ ऐसा था मामला
इस बात की शिकायत लाभुकों ने एसीबी की टीम से की थी। शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने दंडाधिकारी के माध्यम से मामले की जांच कराई, जिसमें पंचायत सचिव द्वारा रिश्वत मांगे जाने की पुष्टि हुई थी। इसी बीच पंचायत सचिव ने चट्टी चौक स्थित प्रिया जेनरल स्टोर के समीप रिश्वत के रुप में 16500 रुपये लेकर लाभुकों को बुलाया था। जिसके बाद एसीबी की टीम एसीबी के डीएसपी के नेतृत्व में जाल बिछा कर बैठी हुई थी। जैसे ही पंचायत सचिव ने लाभुकों से पैसे लिए, वैसे ही भ्रष्टाचार निरोधक दस्ता की टीम द्वारा पंचायत सचिव को रिश्वत की राशि के साथ रंगेहाथ धर दबोचा। एसीबी की टीम द्वारा भंडरा में पंचायत सचिव पर कार्रवाई किए जाने के बाद प्रखंड कार्यालय में हड़कंप मच गया है।

