Jamshedpur : आदित्यपुर टाटानगर का सैटेलाइट रेलवे स्टेशन बनेगा। इसे अत्याधुनिक रेलवे स्टेशन बनाया जाएगा। टाटानगर से खुलने वाली कई ट्रेनें आदित्यपुर को दे दी गई हैं। भविष्य में अन्य कई ट्रेनों को भी आदित्यपुर से खोला जाएगा।

दक्षिण पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक अनिल कुमार मिश्रा आदित्यपुर रेलवे स्टेशन पहुंचे। यहां उन्होंने बुनियादी ढांचा और यात्री सुविधाओं का जायजा लिया। महाप्रबंधक ने चक्रधरपुर रेल मंडल के अंतर्गत आने वाले कई अन्य स्टेशनों का भी निरीक्षण किया है।
निरीक्षण के दौरान जीएम अनिल कुमार मिश्रा ने कहा कि टाटानगर रेलवे स्टेशन पर अभी काफी लोड है। आदित्यपुर रेलवे स्टेशन को सैटेलाइट स्टेशन के रूप में विकसित करने की योजना है। ताकि टाटानगर रेलवे स्टेशन के भार को कम किया जा सके। उन्होंने बताया कि आदित्यपुर रेलवे स्टेशन पर लिफ्ट और रैंप का निर्माण किया जाएगा। ताकि दिव्यांगजनों और बुजुर्गों को सुविधा हो। साथ ही लंबी दूरी की ट्रेनों के ठहराव के लिए प्लेटफार्म की लंबाई में वृद्धि की जाएगी।
उन्होंने निर्देश दिया की थर्ड लाइन प्रोजेक्ट का निर्माण जल्द पूरा किया जाए। इस दौरान जीएम के साथ चक्रधरपुर रेल मंडल के डीआरएम तरुण कुमार हुरिया समेत अन्य अधिकारी मौजूद थे।

