नई दिल्ली : हरियाणा विधानसभा चुनाव में मिली अप्रत्याशित शिकस्त के बाद से कांग्रेस आगामी महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुट गई है। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी (Rahul Gandhi, Congress) ने महाराष्ट्र चुनाव को लेकर समीक्षा बैठक बुलाई है। दिल्ली में आयोजित इस मीटिंग में कांग्रेस प्रमुख मल्लिकार्जुन खड़गे और महाराष्ट्र कांग्रेस के नेता नाना पटोले, विजय वड्डेटीवार, पृथ्वीराज चव्हाण, बालासाहब थोराट, वर्षा गायकवाड़ और रमेश चेन्निथला समेत कई नेता शामिल होंगे।
हरियाणा चुनाव में मिली हार के बाद यह बैठक कांग्रेस के लिए अहम मानी जा रही है। इसलिए इस समीक्षा बैठक में कांग्रेस महाराष्ट्र चुनाव में जीत की पूरी प्लानिंग कर सकती है। गौरतलब है कि कांग्रेस राज्य में 100 से अधिक सीटों पर चुनाव लड़ने वाली है। हाल ही में मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने महाराष्ट्र चुनाव के मद्देनजर राज्य का दौरा किया था।
उन्होंने जल्द ही चुनाव के तारीखों की घोषणा पर त्योहारों को ध्यान में रखने की बात कही थी। कहा जा रहा है कि महाराष्ट्र में 26 नवंबर से पहले तक चुनाव होने की संभावना है। सोमवार को दिल्ली में होने वाली मीटिंग चुनाव की तैयारियां, सहयोगी दलों शिवसेना-यूबीटी और एनसीपी-एसपी के साथ सीटों के बंटवारे पर भी चर्चा होनी है। उम्मीदवारों के चयन और चुनाव कैंपेन के संबंध में भी चर्चा की जानी है।
खबरों के अनुसार, आगामी चुनाव में कांग्रेस बाबा सिद्दीकी की हत्या को भी मुद्दा बना सकती है। कांग्रेस ने महाराष्ट्र में महायुति सरकार पर आरोप लगाया था कि धमकियों के बावजूद बाबा सिद्दीकी की सुरक्षा में विफल रही है। हालांकि कांग्रेस औऱ सिद्दीकी के बीच लंबे समय से नाराजगी चल रही थी, इसके बावजूद कांग्रेस ने उनके हत्या की निंदा की है और कांग्रेस ने गृह मंत्री और बीजेपी नेता देवेंद्र फड़नवीस के इस्तीफे की भी मांग की है।
पूर्व मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण ने कहा कि यह राजनीतिक हत्या नहीं है। यह जबरन वसूली की हत्या लग रही है। इस साल राज्य में ऐसी कई हत्याएं हुई हैं, जो सरकार की विफलता को दर्शाता है। यह एक बड़ा चुनावी मुद्दा बनने जा रहा है। 2022 में बीजेपी गठबंधन से बनी सरकार की विफलताओं से आम जनता प्रभावित हो रही है। चव्हाण ने कहा कि लोगों से मिले फीडबैक के आधार पर आरोप पत्र तैयार किया गया है।

