RANCHI: झारखंड और उत्तर भारत के बीच रेल संपर्क को मजबूत करने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से ट्रेन संख्या 14022/14021 आनंद विहार टर्मिनल पुरुलिया साप्ताहिक एक्सप्रेस वाया रांची का शुभारंभ किया। उद्घाटन के अवसर पर 14 मार्च को यह ट्रेन 04020 पुरुलिया आनंद विहार टर्मिनल स्पेशल के रूप में चलाई गई। पुरुलिया से प्रस्थान करने के बाद ट्रेन निर्धारित समय पर मूरी होते हुए रांची रेलवे स्टेशन पहुंची, जहां इसका भव्य स्वागत किया गया। रांची स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री सह रांची सांसद संजय सेठ, राज्यसभा सांसद महुआ माजी, रांची विधायक चंद्रेश्वर प्रसाद सिंह और रांची की महापौर रोशनी खलखो समेत कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
प्रमुख शहरों से जोड़ेगी ट्रेन
कार्यक्रम में मंडल रेल प्रबंधक करुणा निधि सिंह सहित रेलवे के कई वरिष्ठ अधिकारी, प्रशासनिक पदाधिकारी और रेलवे कर्मचारी भी शामिल हुए। रांची स्टेशन पर निर्धारित ठहराव के बाद सभी अतिथियों की उपस्थिति में ट्रेन को आनंद विहार टर्मिनल के लिए रवाना किया गया। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि यह नई साप्ताहिक एक्सप्रेस झारखंड और आसपास के क्षेत्रों को दिल्ली, अयोध्या और लखनऊ जैसे उत्तर भारत के प्रमुख शहरों से बेहतर रेल संपर्क प्रदान करेगी। इससे यात्रियों की आवाजाही आसान होगी और क्षेत्र के सामाजिक व आर्थिक विकास को भी बढ़ावा मिलेगा।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. राजू तिर्की, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सह मुख्य जनसंपर्क अधिकारी शुचि सिंह, वरिष्ठ मंडल यांत्रिक अभियंता राजीव रंजन, वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी राजा, वरिष्ठ मंडल सिग्नल एवं दूरसंचार अभियंता विवियन मरांडी सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे। वहीं मूरी रेलवे स्टेशन पर भी एक कार्यक्रम आयोजित कर ट्रेन का स्वागत किया गया। अधिकारियों ने बताया कि इस ट्रेन के नियमित परिचालन की तिथि बाद में घोषित की जाएगी।

मुरी में भी दिखाई गई झंडी
मौके पर दक्षिण पूर्व रेलवे के जेडआरयूसीसी सदस्य अरुण जोशी ने मुख्य रूप से मुरी स्टेशन पर इस ट्रेन को फ्लैग ऑफ कर रवाना किया। प्रसन्नता जताते हुए उन्होंने कहा कि रांची, लोहरदगा, टोरी, डाल्टनगंज, गढ़वा रोड के यात्रियों को इस ट्रेन के रूप में आज एक बड़ी सौगात मिली है। अयोध्या लखनऊ होकर चलने वाली इस नई ट्रेन का लाभ यात्रियों को मिलेगा। लंबे समय से इस रूट पर ट्रेन चलाने की यात्रियों की यह महत्वपूर्ण मांग रही थी। इस ट्रेन के परिचालन के लिए पूर्व राज्यसभा सांसद महेश पोद्दार, समीर उरांव, रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ, राज्यसभा सांसद डॉ. प्रदीप वर्मा, सांसद बीडी राम सहित तत्कालीन डीआरएम प्रदीप गुप्ता, जेडआरयूसीसी, डीआरयूसीसी और झारखण्ड चैंबर ऑफ कॉमर्स के द्वारा लगातार मांग की जाती रही है। मुरी स्टेशन पर एडीआरएम हेमराज मीणा, एसीएम धर्मवीर, एसीएम अनिल जेराई, मुरी स्टेशन मैनेजर राकेश कुमार सहित रेलवे के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।

