हेल्थ डेस्क, जमशेदपुर : झारखंड के जमशेदपुर में डेंगू का प्रकोप लगातार बढ़ रहा है। मौतें भी तेजी से हो रही है। शनिवार को भी एक बच्ची की मौत हो गई। ऐसे में स्थिति भयावह हो चुकी है।

जमशेदपुर में डेंगू से एक और बच्ची की मौत
गोलमुरी निवासी 10 वर्षीय बच्ची को बीते दो दिनों से बुखार आ रहा था । तीसरे दिन उसे बुखार नहीं था लेकिन उसे अन्य परेशानी जैसे सुस्त होना व बेहोशी जैसी स्थिति होने लगी। इसे देखते हुए उसे टिनप्लेट अस्पताल ले जाया गया। लेकिन वहां स्थिति और भी गंभीर हो गई। इसके बाद टिनप्लेट प्रबंधन ने टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) रेफर कर दिया। यहां पर प्लेटलेट्स घटकर 11 हजार तक आ गया था । इस दौरान बच्ची का रक्तस्त्राव भी हो रहा था । इलाज की क्रम में बच्ची की मौत हो गई। वह चिन्मया स्कूल में कक्षा चौथी की छात्रा थी।

————-
अबतक सात मरीजों की हो चुकी है मौत
डेंगू से मौत की आंकड़ा लगातार बढ़ रही है। जिला स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, अभी तक डेंगू से जमशेदपुर व आदित्यपुर मिलाकर कुल सात मरीजों की मौत हो चुकी है। इसमें जमशेदपुर के छह व एक आदित्यपुर के मृतक शामिल है।
————
डेंगू के अभी तक 863 मरीज मिले
जमशेदपुर में इस साल सबसे अधिक डेंगू के मामले सामने आए हैं। इतनी बड़ी संख्या में यहां कभी भी मरीज नहीं मिले थे। शनिवार को डेंगू के 33 नए मरीज मिले। अबतक कुल 6804 सैंपल की जांच में 863 डेंगू मरीजों की पुष्टि हुई है। वर्तमान में 289 मरीजों का इलाज शहर के विभिन्न अस्पतालों में चल रहा है। इसमें 12 की स्थिति गंभीर है, जिनका इलाज आईसीयू में चल रहा है। वहीं, 277 मरीजों को सामान्य वार्डों में भर्ती कराया गया है। शनिवार को 79 मरीज स्वस्थ हुए।
——————
गुरमा गांव में मिला भारी संख्या में लार्वा
शनिवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम बागबेड़ा सहित पीपला व उसके आस-पास के गांवों में गई। इस दौरान पीपला के समीप गुरमा गांव में भारी संख्या में डेंगू का लार्वा पाया गया। इस गांव में मच्छरों का आतंक भी काफी ज्यादा है। इसे देखते हुए उसे नष्ट करने का काम किया गया। साथ ही टीम के सदस्यों को निर्देश दिया गया है कि उस गांव में लगातार अभियान चलाकर लार्वा व मच्छरों को खत्म किया जाए।
—————-
इस गांव के तीन मरीज अस्पताल में भर्ती
गुरमा गांव के तीन मरीज डेंगू के चपेट में हैं। इसमें दो की स्थिति गंभीर बनी हुई है। उसका इलाज संत जोसफ हास्पिटल में चल रहा है। मरीज को देखने के लिए जिला महामारी रोग विशेषज्ञ डा. असद व मलेरिया इंस्पेक्टर श्रवण कुमार पहुंचे। इस दौरान बेहतर चिकित्सा करने का निर्देश दिया।
———–
डेंगू का लार्वा मिलने पर अबतक चार लाख 33 हजार रुपए जुर्माना
डेंगू को लेकर जिला प्रशासन की ओर से लोगों को बार-बार चेतावनी दी जा रही है। इसके बावजूद भी लोगों में जागरूकता की भारी कमी है। इसे देखते हुए लोगों पर जुर्माना लगाने का काम किया जा रहा है। इसे लेकर एक अभियान भी चलाया जा रहा है। अभियान के तहत अभी तक डेंगू के लार्वा मिलने पर कुल चार लाख 33 हजार जुर्माना वसूला गया है।
—————–
मानगो के ओल्ड पुरुलिया रोड में 15 हजार जुर्माना
शनिवार को मानगो नगर निगम की ओर से ओल्ड पुरुलिया रोड में अभियान चलाया गया। इस दौरान ओल्ड पुरुलिया रोड, आजाद नगर, जाकिर नगर, डिमना रोड, डिमना बस्ती आदि क्षेत्रों में निरीक्षण कर डेंगू के लार्वा की जांच की गई। साथ ही लोगों को घर के आस-पास जल जमाव आदि नहीं करने की चेतावनी दी गई। वहीं, ओल्ड पुरुलिया रोड क्षेत्र में विभिन्न घरों में कुल 15 हजार जुर्माना वसूला गया।
——————-
20 स्थानों पर कराई गई फॉगिंग
इसके साथ ही 20 विभिन्न क्षेत्रों में फॉगिंग कराई गई। शंकोसाई, ओल्ड पुरुलिया रोड, डिमना रोड, उलीडीह आदि जगहों पर थर्मल फागिंग कराई गई। इसके साथ ही डिमना रोड, ओल्ड पुरुलिया रोड, आजाद नगर, जवाहर नगर आदि विभिन्न क्षेत्रों में नालियों की सफाई कराई गई ताकि डेंगू मच्छर नालियों में पैदा ना हो सके। इस अवसर पर नगर प्रबंधक कुणाल कुमार सिंह, सफाई पर्यवेक्षक राजेश कुमार सहित अन्य उपस्थित थे।
———————-
READ ALSO : महिलाओं में थायराइड अधिक? गर्भावस्था व डिलिवरी के तीन माह पूर्व 44 प्रतिशत हो जाती शिकार

