जमशेदपुर : को-ऑपरेटिव लॉ कॉलेज, जमशेदपुर में सत्र 2025-2028 के लिए तीन वर्षीय एलएलबी (LL.B) पाठ्यक्रम में प्रवेश हेतु प्रवेश परीक्षा आयोजित की जाएगी। इसके लिए योग्य अभ्यर्थियों से ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। यह पाठ्यक्रम कोल्हान विश्वविद्यालय से संबद्ध है तथा नियमित कक्षा पद्धति में संचालित होगा। एलएलबी कार्यक्रम में कुल 120 सीटें उपलब्ध हैं।
प्रवेश परीक्षा में शामिल होने के लिए अभ्यर्थी का किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से स्नातक होना अनिवार्य है। सामान्य, ईडब्ल्यूएस एवं ओबीसी वर्ग के लिए न्यूनतम 45 प्रतिशत अंक तथा एससी/एसटी वर्ग के लिए 40 प्रतिशत अंक निर्धारित किए गए हैं। आवेदन पत्र कोल्हान विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट www.kolhanuniversity.ac.in या kuuniv.in पर 15 जनवरी 2026 से 7 फरवरी 2026 तक भरे जा सकते हैं।
सामान्य, ईडब्ल्यूएस एवं ओबीसी वर्ग के लिए आवेदन शुल्क 600 रुपये तथा एससी/एसटी वर्ग के लिए 500 रुपये निर्धारित है। अभ्यर्थियों को ऑनलाइन आवेदन के दौरान स्नातक की अंकपत्र, एक हालिया फोटो तथा संबंधित प्रमाण पत्र अपलोड करना होगा। भरे गए आवेदन पत्र की हार्ड कॉपी 12 फरवरी 2026 की शाम 4:30 बजे तक नियंत्रक परीक्षा, कोल्हान विश्वविद्यालय, चाईबासा के पते पर भेजना अनिवार्य है।
प्रवेश परीक्षा जमशेदपुर स्थित परीक्षा केंद्र पर आयोजित होगी। परीक्षा में सामान्य ज्ञान, भाषाई क्षमता तथा तर्कशक्ति एवं विधिक अभिरुचि से संबंधित कुल 100 अंकों के वस्तुनिष्ठ प्रश्न पूछे जाएंगे। परीक्षा अवधि एक घंटा होगी और नकारात्मक अंकन नहीं होगा। मेरिट सूची विश्वविद्यालय की वेबसाइट एवं कॉलेज के सूचना पट पर प्रकाशित की जाएगी।

