Giridih : झारखंड में गिरिडीह जिले के धनवार प्रखंड स्थित मायाराम टोला से लापता बालक आयुष की हत्या कर शव कुएं में फेंक दिया गया था। इसके बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी। पुलिस अब तक कातिलों को नहीं पकड़ पाई है। घटना की गंभीरता को देखते हुए गिरिडीह के एसपी डॉ. बिमल कुमार ने विशेष जांच दल (SIT) का गठन कर दिया है। इस टीम में एसडीपीओ राजेंद्र प्रसाद, प्रशिक्षु डीएसपी कैलाश कुमार, एक इंस्पेक्टर और चार थानेदार शामिल हैं।पुलिस अब तक दो बार खोजी कुत्तों की मदद ले चुकी है।

फॉरेंसिक और टेक्निकल टीम भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटा चुकी है। पुलिस हर उस कड़ी को जोड़ने की कोशिश कर रही है, जो आयुष की मौत की सच्चाई सामने ला सके।आयुष की मौत के बाद से ही गांव में आक्रोश व्याप्त है। स्थानीय लोगों का कहना है कि दिनदहाड़े बच्चे का गायब हो जाना सुरक्षा व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़ा करता है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि अगर मामले का जल्द खुलासा नहीं हुआ, तो वे नगर निकाय चुनाव में वोट नहीं डालेंगे।
मृतक के परिजनों का आरोप है कि लापता होने की सूचना देने के बाद पुलिस दूसरे इलाके में तलाश करती रही, जबकि शव गांव के ही कुएं में मिला था। उनका कहना है कि यह हत्या का मामला है और वे इंसाफ चाहते हैं।एसडीपीओ राजेंद्र प्रसाद के मुताबिक, प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है और सभी पहलुओं पर जांच जारी है। पुलिस को उम्मीद है कि एक-दो दिन में सच्चाई सामने आ जाएगी और हत्यारों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।

