Jamshedpur : पूर्वी सिंहभूम जिले के बहरागोड़ा थाना क्षेत्र के इंचड़ासोल गांव से मंगलवार की रात ओडिशा के रहने वाले एक युवक का शव उसके किराए के मकान में फंदे से लटकता मिला है। घटना की सूचना मिलने पर बहरागोड़ा पुलिस ने मौके पर पहुंच कर शव को उतारा और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बुधवार को मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंचे। पुलिस के अनुसार परिजनों ने किसी तरह की कार्रवाई करने या शव लेने तक से इंकार कर दिया है। अब पुलिस शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद इलाके की सामाजिक संस्था के सहयोग से इसका अंतिम संस्कार भी कराएगी।

इस घटना से पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई। जिस युवक ने फांसी लगाई है वह ओडिशा के झारपोखरिया निवासी 24 वर्षीय युवक मैक्स मिलन राणा है। चर्चा है कि युवक ने प्रेम संबंधों में धोखा खाने के बाद यह कदम उठाया है। वहीं कुछ लोगों का कहना है कि युवक की जान कैसे गई यह किसी ने नहीं देखा है। इसलिए, पहले तो पुलिस को मामले की जांच करनी चाहिए। कहा जा रहा है कि हो सकता है कि किसी ने युवक की हत्या कर उसकी लाश फांसी के फंदे पर लटका दी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से यह साफ हो जाएगा कि युवक की मौत कैसे हुई है।
बताते हैं कि मैक्स मिलन राणा इंचड़ासोल गांव में किराए के मकान में अकेले रह रहा था। मंगलवार शाम जब उसके कमरे से काफी देर तक कोई हलचल नहीं हुई, तो आसपास के लोगों को संदेह हुआ और उन्होंने बहरागोड़ा थाना को सूचना दी।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी शंकर प्रसाद कुशवाहा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश करने पर युवक का शव फंदे से लटका मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा तैयार किया और मामले की जांच शुरू की।
मृतक के पास से मिले आधार कार्ड के अनुसार उसका वर्तमान पता बोरागाड़िया पंचायत अंतर्गत केंदुडीहा गांव दर्ज था, जबकि वह मूल रूप से ओडिशा के झारपोखरिया का निवासी था। पुलिस आत्महत्या से जुड़े सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच कर रही है।
बुधवार को थाना प्रभारी के प्रयास से मृतक के मामा सहित अन्य परिजनों को बहरागोड़ा थाना बुलाया गया, लेकिन स्थिति उस समय और संवेदनशील हो गई जब परिजनों ने शव को अपनाने से इनकार कर दिया। मृतक के मामा पक्ष और पैतृक परिवार दोनों ने लिखित आवेदन देकर पुलिस को बताया कि वे शव लेने में असमर्थ हैं।
परिजनों के इनकार के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही स्थानीय सामाजिक संस्था को मामले की जानकारी दी गई है। पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम के बाद सामाजिक संस्था के सहयोग से युवक का अंतिम संस्कार सम्मानपूर्वक कराया जाएगा।
घटना के बाद इलाके में गमगीन माहौल है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि मानसिक तनाव या प्रेम एवं पारिवारिक समस्याओं की स्थिति में संवाद और परामर्श का सहारा लें, ताकि इस तरह की दुखद घटनाओं से बचा जा सके।
Read Also- Ranchi News : रांची में नगर निगम की गलती का खमियाजा भुगतेंगे 40 परिवार, घरों पर चलाया जाएगा बुलडोजर

