बस्ती : गोंडा जिले के कुख्यात भू-माफिया और अधिवक्ता बृजेश अवस्थी (Land Mafia Brijesh Awasthi) की बुधवार सुबह बस्ती जिला जेल में हार्ट अटैक से मौत हो गई। बृजेश अवस्थी को प्रशासनिक आधार पर 15 दिसंबर 2024 को गोंडा से स्थानांतरित कर बस्ती जेल भेजा गया था। बुधवार सुबह उसे अचानक सीने में तेज दर्द और पसीना आने लगा।
इलाज के दौरान हुई मौत
जेल अस्पताल में आधे घंटे तक प्राथमिक इलाज के बाद डॉक्टर की सलाह पर उसे सुबह करीब 7 बजे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान सुबह 10:30 बजे उसकी मौत हो गई।
Land Mafia Brijesh Awasthi : 43 से ज्यादा केस थे दर्ज
बृजेश अवस्थी (Land Mafia Brijesh Awasthi) पर जमीन कब्जाने, धोखाधड़ी, धमकी, छेड़छाड़ और दुष्कर्म जैसे गंभीर आरोपों में कुल 43 मामले दर्ज थे। पेशे से अधिवक्ता बृजेश अवस्थी अपने मुवक्किलों की जमीन का भी फर्जीवाड़ा कर चुका था। कई लोगों को छेड़ खानी, दुष्कर्म के आरोप में जेल भिजवाकर वह उनकी जमीनें अपने या अपने रिश्तेदारों के नाम भी करवा चुका था।
फर्जी बैनामा रैकेट का था सरगना
वह फर्जी बैनामा कराने वाले एक बड़े रैकेट का सरगना भी था। उसके दो सहयोगी अनिल सिंह और राकेश त्रिपाठी के साथ वह गोंडा मंडल कारागार में बंद था। बाद में प्रशासन ने तीनों को अलग-अलग जेलों में स्थानांतरित कर दिया था—बृजेश को बस्ती, अनिल को बहराइच और राकेश को बलरामपुर भेजा गया था।

