सेंट्रल डेस्क : आरसीबी की विक्ट्री परेड के दौरान हुए भयावह हादसे को लेकर कर्नाटक सरकार ने बड़ा प्रशासनिक कदम उठाया है। बेंगलुरु भगदड़ (Bengaluru Stampede) में अब तक 11 लोगों की मौत हो चुकी है और कई लोग घायल हुए हैं। इस मामले में एडिशनल पुलिस कमिश्नर, एसीपी और कई बड़े अफसरों को सस्पेंड कर दिया गया है। साथ ही उच्च स्तरीय जांच समिति गठित की गई है ताकि इस दुखद घटना की गहराई से जांच की जा सके।
यह है मामला
बुधवार को आरसीबी की आईपीएल जीत की खुशी में चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर हजारों की भीड़ जमा हो गई थी। आरसीबी की विक्ट्री परेड को लेकर उत्साह चरम पर था, लेकिन अत्याधिक भीड़ को संभालने में प्रशासन विफल रहा। परिणामस्वरूप, स्टेडियम गेट पर मची भगदड़ में 11 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई और दर्जनों घायल हो गए।
RCB पर FIR दर्ज
बेंगलुरु पुलिस ने स्वतः संज्ञान लेते हुए RCB प्रबंधन के खिलाफ FIR दर्ज की है। पुलिस का कहना है कि आयोजन की जानकारी पहले से थी, फिर भी सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण के इंतज़ाम बेहद लचर और अपर्याप्त थे। अब यह जांच की जाएगी कि क्या RCB या आयोजकों ने प्रशासन से पूरी अनुमति ली थी या नहीं।
कई अधिकारी निलंबित
कर्नाटक सरकार ने घटना को गंभीर लापरवाही मानते हुए एडिशनल पुलिस कमिश्नर, एसीपी और अन्य पुलिस अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने बयान में कहा:
“लोगों की जान के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।
जांच समिति का गठन
राज्य सरकार ने उच्चस्तरीय जांच समिति गठित की है जो इस घटना की सम्पूर्ण रिपोर्ट 7 दिनों के भीतर सौंपेगी। जांच में निम्न पहलुओं को शामिल किया जाएगा: क्या आयोजन के लिए आवश्यक अनुमति ली गई थी? भीड़ नियंत्रण के क्या उपाय किए गए थे? पुलिस की तैनाती और प्रतिक्रिया कितनी कारगर रही? किसकी लापरवाही से हादसा हुआ?
Read Also: Rafale: राफेल फाइटर जेट का ‘मेक इन इंडिया’ धमाका, अब भारत में बनेगी मेन बॉडी

