जमशेदपुर : ऑनलाइन गेमिंग के खतरनाक प्रभाव का एक और मामला सामने आया है। झारखंड के जमशेदपुर के कदमा थाना क्षेत्र में 19 वर्षीय सोमा साव ने आदित्यपुर टोल ब्रिज से कूदकर आत्महत्या कर ली। सोमा को ऑनलाइन गेम बैटलग्राउंड्स मोबाइल इंडिया (BGMI) खेलने का शौक था। इसी गेम के दौरान उसकी छत्तीसगढ़ के एक युवक से दोस्ती हुई थी, जो बाद में उसकी डिप्रेशन का कारण बन गया।
कॉलेज जाने की बात कहकर घर से निकली थी सोमा
सोमा के पिता प्रवीण साव ने बताया कि सोमा मानगो स्थित नेताजी सुभाष यूनिवर्सिटी में पढ़ाई करती थी। सोमवार दोपहर 11 बजे कॉलेज जाने की बात कहकर घर से निकली थी। जब वह देर शाम तक घर नहीं लौटी तो परिवार ने उसके मोबाइल पर संपर्क किया। सोमा ने बताया कि वह मानगो के ट्रैफिक जाम में फंसी है और जल्द ही घर लौटेगी। इसके कुछ देर बाद उसका फोन बंद हो गया।
परिजनों ने सोमा के दोस्तों से संपर्क किया, तब पता चला कि वह कॉलेज गई ही नहीं थी। परेशान परिजनों ने कदमा थाना में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। मंगलवार सुबह कदमा पुलिस ने सूचना दी कि टोल ब्रिज के नीचे एक युवती का शव मिला है। मौके पर पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान सोमा के रूप में की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
BGMI के जरिए हुई दोस्ती बनी मौत की वजह
सोमा के पिता प्रवीण साव ने बताया कि उनकी बेटी ऑनलाइन गेम BGMI खेलने की शौकीन थी। गेम खेलते हुए उसकी दोस्ती छत्तीसगढ़ के एक युवक से हुई थी, जिससे वह अक्सर फोन पर बात करती थी। कुछ दिनों से सोमा मानसिक तनाव में थी। परिवार को आशंका है कि इसी युवक के कारण सोमा डिप्रेशन में चली गई और आत्महत्या जैसा कदम उठा लिया। पुलिस फिलहाल इस पूरे मामले की जांच कर रही है। परिजनों से मिले बयान और मोबाइल कॉल डिटेल्स के आधार पर पुलिस छत्तीसगढ़ के उस युवक से भी संपर्क साधने की कोशिश कर रही है, जिससे सोमा की दोस्ती थी।

