Home » West Singhbhum: सोनुआ में अवैध बालू कारोबार रोकना पड़ा महंगा, सीओ और कंप्यूटर ऑपरेटर से अंचल कार्यालय में धक्का मुक्की

West Singhbhum: सोनुआ में अवैध बालू कारोबार रोकना पड़ा महंगा, सीओ और कंप्यूटर ऑपरेटर से अंचल कार्यालय में धक्का मुक्की

वीडियो वायरल होने पर मामले ने पकड़ा तूल

by Vivek Sharma
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

चाईबासा : झारखण्ड के पश्चिम सिंहभूम जिले में अवैध बालू का परिवहन और खनन कारोबार का नशा ऐसा छाया हुआ है कि इस नशे में प्रशासनिक तंत्र को भी बालू माफियाओं के गुस्से का शिकार होना पड़ रहा है। ताज़ा मामला सोनुआ प्रखंड सह अंचल कार्यालय का है। यहां बालू के अवैध परिवहन पर रोक-टोक करना अंचल अधिकारी और उनके कर्मचारी को भारी पड़ गया। ट्रैक्टर चालकों ने तो सोनुआ प्रखंड कार्यालय में ही धावा बोल दिया।

इसके बाद सोनुआ के अंचल अधिकारी से लेकर अंचल कार्यालय में अस्थायी रूप से कार्यरत कम्प्यूटर ऑपरेटर जवाहरलाल दास के साथ धक्का मुक्की कर दी। अंचल कार्यालय में ट्रैक्टर मालिक और चालक हंगामा मचाते रहे।

ट्रैक्टर चालकों ने लगाया वसूली के साथ ही मारपीट का आरोप

इधर ट्रैक्टर मालिक और चालक का आरोप है कि नशे में धुत सोनुवा अंचल कार्यालय में अस्थायी रूप से कार्यरत कम्प्यूटर ऑपरेटर जवाहरलाल दास द्वारा बालू लदे ट्रैक्टर से रंगदारी मांगने के साथ साथ ट्रैक्टर चालकों से मारपीट की गई। मामले का कई वीडियो सोशल मीडिया में वॉयरल हो गया है। खास बात यह है कि जो लोग अवैध बालू ढुलाई कर रहे हैं, वही प्रशासन पर आरोप लगा रहे हैं कि कम्प्यूटर आपरेटर जवाहरलाल दास ने होली के दिन नशे में धुत होकर बालू लेकर जा रहे ट्रैक्टरों को सोनुवा-गुदड़ी मार्ग में रोककर चालकों से मारपीट कर अवैध वसूली की। ट्रैक्टरों के टायर की हवा खोल दी गई और एक बैटरी भी खोलकर साथ ले गए। सीधे तौर पर ट्रैक्टर चालक से रंगदारी मांगने का गंभीर आरोप लगाया गया है। आरोप है कि ड्राइवर के पास पैसे नहीं थे तो उनसे यूपीआई के माध्यम से पैसे लिए।

अंचल कार्यालय पर बोल दिया गया धावा

घटना के बाद दूसरे दिन पांच मार्च को सोनुवा और गुदड़ी के करीब एक सौ की संख्या में ट्रैक्टर मालिक और चालकों ने सोनुआ अंचल कार्यालय में धावा बोल दिया। सीओ का घेराव करते हुए कम्प्यूटर ऑपरेटर जवाहरलाल दास को हटाने की जिद पर अड़ गए। इस दौरान अंचल कार्यालय में ट्रैक्टर मालिक और चालक भारी संख्या में जवाहरलाल दास और सीओ के ऊपर टूट पड़े। ट्रैक्टर मालिक और चालक गाली गलौज कर धक्का मुक्की करने लगे। इस घटना का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। बताया जाता है कि काफी देर बाद सीओ के हस्तक्षेप से मामला सुलझाया गया। ट्रैक्टर मालिकों से लिए गए रुपये वापस करने के साथ बैटरी को भी वापस कराया गया।जवाहरलाल दास अवैध बालू परिवहन पर हस्तक्षेप करने के मामले में ऐसा घिरे हैं कि अब उन पर म्यूटेशन के नाम पर पैसे की उगाही करने और गलत कागजात बनाकर जमीन अपने नाम पर करने की कोशिश करने का भी आरोप लग रहा है। सीओ ने कहा है कि बालू लदे ट्रैक्टर चालक से मारपीट करने व पैसे की उगाही करने की शिकायत मिली है. मामले को लेकर अंचल कार्यालय में अस्थायी रूप से कार्यरत कम्प्यूटर ऑपरेटर को हटाने के लिए वरीय अधिकारियों सूचित किया गया है। हालांकि सीओ इसका जवाब नहीं दे पा रहे हैं कि सोनुआ में अवैध बालू परिवहन पर क्या कार्रवाई होगी।

Related Articles