Jamshedpur : केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद आदित्य साहू ने गुरुवार को जमशेदपुर में आयोजित प्रेस वार्ता में केंद्र सरकार की उपलब्धियों को विस्तार से रखा। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 से 2026 तक का दौर देश के लिए जन-विश्वास, सुशासन, विकास और जनकल्याण की ऐतिहासिक यात्रा रहा है।
भाजपा जमशेदपुर महानगर की ओर से सोनारी स्थित चित्रगुप्त भवन में आयोजित प्रेस वार्ता में आदित्य साहू ने कहा कि लगातार तीन लोकसभा चुनावों में जनता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व पर भरोसा जताया है। यह इस बात का प्रमाण है कि देश की जनता परिणाम आधारित और पारदर्शी शासन को प्राथमिकता दे रही है।
इस अवसर पर जमशेदपुर सांसद विद्युत वरण महतो, विधायक पूर्णिमा साहू, प्रदेश उपाध्यक्ष आभा महतो, प्रदेश मंत्री सरोज सिंह, जिला प्रभारी बबन गुप्ता, पूर्व विधायक मेनका सरदार, प्रदेश प्रवक्ता अमरप्रीत सिंह काले, महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा तथा मीडिया प्रभारी प्रेम झा समेत कई भाजपा नेता मौजूद थे।
25 करोड़ लोग गरीबी से बाहर निकले
आदित्य साहू ने कहा कि केंद्र सरकार ने “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” के मंत्र को धरातल पर उतारा है। उन्होंने दावा किया कि पिछले 12 वर्षों में देश के लगभग 25 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर आए हैं। वहीं, प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से 4.31 लाख करोड़ रुपये की राशि गलत हाथों में जाने से रोकी गई है।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री जनधन योजना के तहत 58 करोड़ से अधिक बैंक खाते खोले गए हैं, जबकि 81 करोड़ से ज्यादा लोगों को मुफ्त राशन का लाभ मिल रहा है। आयुष्मान भारत योजना के तहत 60 करोड़ से अधिक हेल्थ कार्ड जारी किए गए हैं और प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना से 58 करोड़ से अधिक लोग लाभान्वित हुए हैं।
किसानों, महिलाओं और युवाओं को मिला लाभ
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत करोड़ों किसानों के खातों में सीधे आर्थिक सहायता पहुंचाई गई है। किसान क्रेडिट कार्ड के माध्यम से सस्ती दरों पर ऋण उपलब्ध कराया गया है तथा कृषि ऋण सीमा को बढ़ाया गया है।
उन्होंने बताया कि लखपति दीदी योजना, सुकन्या समृद्धि योजना और उज्ज्वला योजना जैसी योजनाओं के जरिए महिलाओं के सशक्तिकरण को बढ़ावा मिला है। वहीं, प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के तहत देशभर में एक करोड़ घरों में सौर ऊर्जा प्रणाली स्थापित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
सड़कों, रेलवे और हवाई संपर्क में हुआ व्यापक विस्तार
आदित्य साहू ने कहा कि देश में राष्ट्रीय राजमार्गों का नेटवर्क 91 हजार किलोमीटर से बढ़कर 1.46 लाख किलोमीटर से अधिक हो गया है। सड़क निर्माण की गति भी तीन गुना तक बढ़ी है। भारतीय रेलवे के 99 प्रतिशत से अधिक ब्रॉडगेज नेटवर्क का विद्युतीकरण पूरा हो चुका है और अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत देशभर में रेलवे स्टेशनों का आधुनिकीकरण किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि वर्तमान में देश में 164 से अधिक वंदे भारत ट्रेनें संचालित हो रही हैं तथा हवाई अड्डों की संख्या भी दोगुनी से अधिक हो चुकी है।
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ी भारत की प्रतिष्ठा
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भारत ने जी-20 की सफल अध्यक्षता कर वैश्विक नेतृत्व क्षमता का परिचय दिया है। वैक्सीन मैत्री अभियान के तहत अनेक देशों को दवाइयां और वैक्सीन उपलब्ध कराई गईं। साथ ही, विदेशी निवेश और वैश्विक व्यापार समझौतों के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल हुई हैं।
झारखंड को मिला अभूतपूर्व सहयोग
आदित्य साहू ने कहा कि मोदी सरकार के कार्यकाल में झारखंड को वित्तीय सहायता, आधारभूत संरचना, स्वास्थ्य, शिक्षा और जनजातीय कल्याण के क्षेत्र में रिकॉर्ड सहयोग मिला है। उन्होंने बताया कि कर हस्तांतरण और केंद्रीय अनुदान की राशि में पिछले वर्षों की तुलना में कई गुना वृद्धि हुई है।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की विशेष सहायता योजनाओं से राज्य में विकास परियोजनाओं को गति मिली है और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में बड़े पैमाने पर निवेश हुआ है।
रेल, सड़क और एयर कनेक्टिविटी में झारखंड को मिला बढ़ावा
प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि झारखंड में रेलवे के लिए बजटीय आवंटन में रिकॉर्ड वृद्धि हुई है। राज्य में रेलवे नेटवर्क का शत-प्रतिशत विद्युतीकरण पूरा हो चुका है तथा कई नई रेल परियोजनाओं पर काम चल रहा है। वर्तमान में झारखंड को जोड़ने वाली सात वंदे भारत ट्रेनें संचालित हो रही हैं और 57 रेलवे स्टेशनों का आधुनिकीकरण किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि राज्य में हजारों किलोमीटर राष्ट्रीय राजमार्गों का निर्माण किया गया है। वाराणसी-रांची-कोलकाता ग्रीनफील्ड कॉरिडोर सहित कई बड़ी सड़क परियोजनाओं को मंजूरी मिली है। वहीं, देवघर हवाई अड्डे के संचालन के बाद अब धालभूमगढ़ हवाई अड्डा परियोजना को लेकर भी केंद्र सरकार गंभीर है।
जनजातीय विकास, स्वास्थ्य और शिक्षा पर विशेष जोर
आदित्य साहू ने कहा कि केंद्र सरकार ने जनजातीय समाज के विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान और पीएम-जनमन योजना के माध्यम से हजारों गांवों में विकास कार्य किए जा रहे हैं।
उन्होंने एम्स देवघर की स्थापना को झारखंड के स्वास्थ्य क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि बताया। इसके अलावा राज्य के विभिन्न जिलों में मेडिकल कॉलेजों की स्थापना और केंद्रीय विद्यालयों की स्वीकृति को भी महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।
विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में बढ़ रहा देश
प्रेस वार्ता के अंत में आदित्य साहू ने कहा कि मोदी सरकार के 12 वर्ष केवल आंकड़ों की कहानी नहीं, बल्कि विकसित और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण की दिशा में उठाए गए निर्णायक कदमों की यात्रा हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आने वाले वर्षों में विश्व की अग्रणी शक्तियों में शामिल होकर विकसित राष्ट्र बनने का लक्ष्य हासिल करेगा।

