Home » West Singhbhum : खाद्य सुरक्षा योजनाओं की समीक्षा बैठक में सचिव राजेश कुमार शर्मा ने दिए सख्त निर्देश

West Singhbhum : खाद्य सुरक्षा योजनाओं की समीक्षा बैठक में सचिव राजेश कुमार शर्मा ने दिए सख्त निर्देश

West Singhbhum : पीडीएस सरकार की सबसे महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी योजना, इसमें लापरवाही स्वीकार्य नहीं : सचिव

by Rajeshwar Pandey
West Singhbhum Food Security Scheme Review Meeting
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Chaibasa : खाद्य, सार्वजनिक वितरण एवं उपभोक्ता मामले विभाग के सचिव राजेश कुमार शर्मा की अध्यक्षता में मंगलवार को पश्चिमी सिंहभूम समाहरणालय सभागार में विभागीय योजनाओं एवं पीडीएस की विस्तृत समीक्षा बैठक हुई। बैठक में उपायुक्त मनीष कुमार, उप विकास आयुक्त उत्कर्ष कुमार, अपर उपायुक्त किस्टो कुमार बेसरा, एसडीओ श्रुति राजलक्ष्मी, जिला आपूर्ति पदाधिकारी सुनीला खलको समेत सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी और पीडीएस दुकानदार मौजूद रहे।

समय पर खाद्यान्न वितरण सुनिश्चित करने का निर्देश

बैठक की शुरुआत राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत संचालित योजनाओं की समीक्षा से हुई। सचिव ने खाद्यान्न के उठाव, परिवहन, भंडारण एवं वितरण की स्थिति जानी। उन्होंने कहा कि लाभुकों को समय पर खाद्यान्न उपलब्ध कराने के लिए बेहतर समन्वय जरूरी है। पीडीएस सरकार की सबसे महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी योजना है। इसमें लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी। प्रत्येक माह निर्धारित तिथि से पूर्व अगले माह के खाद्यान्न का उठाव एवं डोर-स्टेप डिलीवरी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

ग्रीन राशन कार्ड और सत्यापन पर जोर

ग्रीन राशन कार्ड योजना, चना, दाल, नमक वितरण तथा धोती, साड़ी, लूंगी वितरण की प्रगति की समीक्षा की गई। सचिव ने पात्र परिवारों को शत-प्रतिशत लाभ देने को कहा। संदिग्ध आधार संख्या, साइलेंट राशन कार्ड, ई-केवाईसी से वंचित लाभुकों, डुप्लीकेट राशन कार्ड की गहन जांच का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि नियमित सत्यापन अभियान चलाकर अपात्र लोगों को सूची से हटाया जाए और डेटाबेस अद्यतन रखा जाए।

उत्कृष्ट कार्य करने वालों को किया सम्मानित

बैठक में 10 ग्रीन राशन कार्डधारियों को सांकेतिक रूप से राशन कार्ड दिए गए। 10 वृद्ध एवं जरूरतमंद परिवारों को धोती, साड़ी एवं लूंगी वितरित की गई। उत्कृष्ट सेवा देने वाले 36 पीडीएस दुकानदारों को प्रशस्ति पत्र, कुकर, गमछा, टी-शर्ट एवं छाता देकर सम्मानित किया गया। दाल-भात केंद्र संचालकों को भी प्रोत्साहित किया गया। दो मृत पीडीएस विक्रेताओं के परिजनों को अनुकंपा पर राशन वितरण लाइसेंस प्रदान किया गया।

आहार दिवस और नशा मुक्ति पर चर्चा

उपायुक्त मनीष कुमार ने प्रत्येक माह की 8 एवं 24 तारीख को आयोजित आहार दिवस की जानकारी दी। सचिव ने इसे जनहित में प्रभावी मॉडल बताया। बैठक के बाद सभी ने पश्चिमी सिंहभूम को नशा मुक्त जिला बनाने का संकल्प लिया। जेएसएलपीएस की स्वयं सहायता समूह की महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया गया। आहार दिवस के प्रचार के लिए गुब्बारे उड़ाए गए और प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।

दाल-भात केंद्र और गोदाम का निरीक्षण

सचिव ने सदर चाईबासा प्रखंड परिसर के दाल-भात केंद्र का निरीक्षण कर भोजन की गुणवत्ता और स्वच्छता देखी। एसएफआई गोदाम में खाद्यान्न के सुरक्षित भंडारण की समीक्षा की। मतकमहातु पंचायत भवन में चल रहे सुदृढ़ीकरण कार्यों का निरीक्षण कर समयबद्ध तरीके से कार्य पूर्ण करने का निर्देश दिया। जिला प्रशासन ने पीडीएस को और सुदृढ़ और लाभुक-केंद्रित बनाने की प्रतिबद्धता दोहराई।

Read Also: West Singhbhum News: चाईबासा में थैलेसीमिया मरीजों को रक्त की किल्लत, परिजन परेशान

Related Articles

Leave a Comment