पटना : पिछले कुछ समय से नाराज चल रहे शिक्षकों को शिक्षक दिवस से पूर्व नीतीश सरकार ने बड़ा तोहफा दे दिया। राज्यभर में हलचल मचा देने वाले निर्णय को वापस ले लिया गया है। यह शिक्षकों से जुड़ी इस वक्त की बड़ी खबर है। राज्य के उच्चतर और माध्यमिक स्कूलों में छुट्टियों की कटौती को लेकर 29 अगस्त को अपर मुख्य सचिव केके पाठक ने जो आदेश जारी किया था उसे नीतीश सरकार ने रद्द कर दिया है।
इस वजह से नाराज चल रहे थे शिक्षक
शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव केके पाठक केके पाठक ने सरकारी स्कूलों में छुट्टियों में कटौती का आदेश दिया था। इस आदेश के जारी होने के बाद शिक्षक कई दिनों से नाराज चल रहे थे। शिक्षक दिवस से एक दिन पूर्व छुट्टी कटौती के आदेश को रद्द किया जाना नीतीश सरकार की ओर से शिक्षकों के लिए बड़ा तोहफा माना जा रहा है।
माध्यमिक शिक्षा निदेशक ने जारी किया पत्र
दरअसल, माध्यमिक शिक्षा निदेशक की ओर से एक पत्र जारी किया गया है। इस पत्र के अनुसार प्राथमिक से लेकर उच्चतर माध्यमिक तक की छुट्टी में जो कटौती की गयी थी उसे निरस्त कर दिया गया है। शिक्षा विभाग की ओर से 12 छुट्टियों को कम कर दिया गया था। अब छुट्टियों की कटौती के आदेश को रद्द कर दिया गया है।
शिक्षकों से पांच सितंबर से आंदोलन का किया था फैसला
बता दें कि बिहार शिक्षक संघ ने शिक्षक दिवस के दिन यानी पांच सितंबर से सरकार के खिलाफ आंदोलन शुरू करने का फैसला लिया था। इस फैसले पर अमल को लेकर रविवार को यूथ हॉस्टल में कई घंटे तक बैठक हुई थी। उक्त बैठक में 15 शिक्षक संघों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया था। बैठक में छुट्टियां रद्द करने के फैसले का विरोध करने का फैसला लिया था।
READ ALSO : युसूफ अली का बड़ा बयान : मेरी मौत के बाद भी दिव्यांग बच्चों की संस्था को मिलती रहेगी मदद
आंदोलन से एक दिन पूर्व ही सरकार ने लिया फैसला
शिक्षकों का आंदोलन शिक्षक दिवस के दिन शुरू होना था लेकिन इससे एक दिन पहले सरकारी स्कूलों में छुट्टियों में कटौती के आदेश को निरस्त कर दिया गया है। बता दें कि मंगलवार को शिक्षक दिवस है। सरकार के इस फैसले से शिक्षकों में खुशी देखी जा रही है। शिक्षक दिवस पर सरकार ने शिक्षकों को बड़ा तोहफा दिया है।

