पॉलिटिकल डेस्क : बिहार विधान परिषद के लिए बीजेपी के 3 और महागठबंधन के सभी 5 उम्मीदवारों ने आज पर्चा भर दिया| (Bihar MLC Election) आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद और तेजस्वी यादव भी इस दौरान मौजूद रहें। महागठबंधन की ओर से राबड़ी देवी, अब्दुलबारी सिद्दीकी, फैसल अली, उर्मिला ठाकुर और माले की शशि यादव ने नामांकन किया। वहीं, बीजेपी से मंगल पांडे, अनामिका सिंह और लालमोहन गुप्ता ने नामांकन भरा।

पांचों उम्मीदवारों ने किया पर्चा दाखिल
बिहार विधान परिषद की 11 सीटों पर होने वाले चुनाव के लिए सोमवार को राजद अध्यक्ष लालू यादव की पत्नी और पूर्व सीएम राबड़ी देवी सहित महागठबंधन के सभी पांचों उम्मीदवारों ने अपना पर्चा दाखिल कर दिया है। बता दें कि नामांकन का आज आखिरी दिन है, इसलिए आज का दिन काफी गहमा-गहमी भरा रहा।
दो दिन पर्चों की होगी जांच (Bihar MLC Election)
चुनाव आयोग की ओर से घोषित कार्यक्रम के अनुसार, 11 मार्च को पर्चा भरने की अंतिम तिथि समाप्त होने के बाद 12 व 13 मार्च को पर्चों की जांच होगी। इसके बाद 14 मार्च नाम वापसी की आखिरी तिथि होगी। अगर 12वें प्रत्याशी द्वारा अंतिम दिन पर्चा भरा जाता है, तो फिर आयोग 21 मार्च को चुनाव संपन्न कराएगा।
राबड़ी देवी सबसे पहले जमा की नामांकन पत्र
बिहार विधान परिषद चुनाव के लिए महागठबंधन की ओर से सबसे पहले पूर्व सीएम राबड़ी देवी ने नामांकन पत्र दाखिल किया। राबड़ी के नामांकन भरने के बाद लालू यादव ने विक्ट्री साइन दिखाया।
तेजस्वी यादव का भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप
महागठबंधन के उम्मीदवारों के नामांकन के बाद पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी प्रसाद यादव ने कहा कि आज हम लोगों के पांच उम्मीदवारों ने नामांकन भरा है। उनमें से दो महिलाएं हैं। तेजस्वी यादव ने कहा कि हम लोग महिला सशक्तीकरण की जो बात करते हैं, वह करके दिखाते हैं। भाजपा सरकार पर बड़ा आरोप लगाते हुए तेजस्वी यादव ने कहा कि जो भी संवैधानिक संरचना है, उसे बर्बाद किया जा रहा है। जो भी संवैधानिक संस्थाएं हैं, उसको हाईजैक किया जा रहा है।
इन सदस्यों का होगा कार्यकाल पूरा
विधान परिषद के जिन सदस्यों का कार्यकाल पूरा होनेवाला है, उसमें मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, संजय झा, पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी, भाजपा के शाहनवाज हुसैन, कांग्रेस नेता प्रेमचंद्र मिश्रा, हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा के संतोष कुमार सुमन, भाजपा नेता मंगल पांडेय, राजद नेता रामचंद्र पूर्वे, जदयू नेता खालिद अनवर, रामेश्वर महतो और भाजपा नेता संजय पासवान शामिल हैं।
READ ALSO: राजस्थान के सीएम और उनके मंत्री पहुंचे अयोध्या, रामलला का किया दर्शन

