Jamshedpur : जमशेदपुर के डिमना चौक से एमजीएम अस्पताल जाने वाले मुख्य मार्ग पर लंबे समय से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। सड़क के दोनों छोर पर उचित ढलान नहीं होने, गड्ढों और जलजमाव के कारण आए दिन हादसे हो रहे थे, जिससे राहगीर और वाहन चालक काफी चिंतित थे।
जैसे ही इस समस्या की जानकारी मेयर सुधा गुप्ता को मिली, उन्होंने फौरन एक्शन लेते हुए मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान यह साफ हुआ कि सड़क का स्तर असमान होने के कारण वाहन असंतुलित हो जाते हैं, जिससे दुर्घटना होती है। मेयर के निर्देश पर तत्काल स्लैग गिराकर सड़क को समतल करने का काम शुरू किया गया और महज एक घंटे के भीतर अस्थायी समाधान कर लोगों को राहत पहुंचाई गई। इस कार्रवाई से स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली।
मेयर सुधा गुप्ता ने कहा कि फिलहाल यह अस्थायी व्यवस्था है, लेकिन जल्द ही नगर निगम द्वारा तकनीकी सर्वे कराकर इस समस्या का स्थायी समाधान किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सड़क निर्माण और मरम्मत कार्य में गुणवत्ता से कोई समझौता न किया जाए। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि शहर को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित बनाना नगर निगम की प्राथमिकता है और आम जनता की समस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

