
Ranchi : राजधानी रांची के मोरहाबादी बाजार के सैकड़ों सब्जी और फुटपाथ दुकानदारों ने बुधवार को नगर निगम कार्यालय के मुख्य द्वार के सामने सब्जियां रखकर अनोखा विरोध प्रदर्शन किया। दुकानदारों ने नगर निगम द्वारा चलाए जा रहे अतिक्रमण हटाओ अभियान का विरोध करते हुए बाजार के लिए स्थायी और वैकल्पिक व्यवस्था की मांग उठाई।
प्रदर्शनकारी दुकानदारों का कहना है कि वर्ष 2014 में फुटपाथ दुकानदारों के संरक्षण और पुनर्वास के लिए नियम बनाए गए थे, लेकिन एक दशक बीत जाने के बाद भी उन्हें व्यवस्थित स्थान उपलब्ध नहीं कराया गया। उनका आरोप है कि नगर निगम केवल अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई कर रहा है, जबकि दुकानदारों के पुनर्वास की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
दुकानदारों ने कहा कि वे अपनी दुकानें लगाने में प्रतिदिन 5 से 6 हजार रुपये तक की लागत लगाते हैं। बार-बार हटाए जाने से उन्हें भारी आर्थिक नुकसान झेलना पड़ रहा है। उनका कहना है कि गरीब और फुटपाथ दुकानदारों पर ही कार्रवाई की जाती है, जबकि उनकी आजीविका की सुरक्षा को लेकर कोई गंभीर पहल नहीं की जा रही।
प्रदर्शन के दौरान दुकानदारों ने यह भी कहा कि नगर निगम भवन जनता के टैक्स के पैसे से बना है, इसलिए प्रशासन को छोटे कारोबारियों की समस्याओं पर भी समान रूप से ध्यान देना चाहिए। उन्होंने याद दिलाया कि मेयर की ओर से पहले मोरहाबादी बाजार के लिए वैकल्पिक व्यवस्था का आश्वासन दिया गया था, लेकिन अब तक उस पर अमल नहीं हुआ।
दुकानदारों ने स्पष्ट किया कि जब तक उन्हें बाजार के लिए उचित स्थान उपलब्ध नहीं कराया जाता, तब तक उनका शांतिपूर्ण और कानूनसम्मत विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा। मोरहाबादी बाजार के दुकानदारों का नगर निगम कार्यालय के बाहर प्रदर्शन, वैकल्पिक व्यवस्था की मांग

