Jamshedpur : पूर्वी सिंहभूम जिले में पिछले महीने जिला खनन टास्क फोर्स ने अवैध खनन से जुड़े मामलों में 25 वाहन जब्त किए हैं। अवैध खनन के मामलों में सात FIR दर्ज कराई गई हैं और पकड़े गए लोगों से चार लाख 29 हजार रुपए का जुर्माना वसूला गया है। जो वाहन पकड़े गए हैं उनमें 16 डंपर, सात ट्रैक्टर, दो टाटा 407 शामिल हैं। जिला खनन टास्क फोर्स की शनिवार को जमशेदपुर में डीसी ऑफिस में बैठक हुई। इस बैठक में अधिकारियों ने कार्रवाई के आंकड़े रखे।
बैठक में एसडीओ धालभूम अर्नव मिश्रा, अपर उपायुक्त संतोष गर्ग, एडीएम ला एंड ऑर्डर राहुल जी आनंद जी, आदि मौजूद थे। जबकि सीओ और सभी थाना प्रभारियों को इस मीटिंग में ऑनलाइन जोड़ा गया था। बैठक में पिछले महीने हुई कार्रवाई की विस्तार से समीक्षा की गई। बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि वह अवैध खनन से जुड़े मामलों में लगातार निगरानी रखें और अभियान चलाकर अवैध खनन से जुड़े वाहनों को जब्त करें। इको सेंसेटिव जोन में अवैध खनन होने पर कड़ी कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है। इसके अलावा, सभी अंचल अधिकारियों और थाना प्रभारियों को उनके कार्य क्षेत्र में अवैध क्रशर, अवैध खनन आदि पर लगातार नजर बनाए रखने को कहा गया है।

