
Jamshedpur : झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार ने छात्राओं से अपनी शिक्षा, ज्ञान और प्रतिभा का उपयोग देश व समाज के विकास में करने का आह्वान किया। मंगलवार को बिष्टुपुर स्थित एक्सएलआरआई ऑडिटोरियम में आयोजित जमशेदपुर वीमेंस यूनिवर्सिटी के दीक्षांत समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए राज्यपाल ने कहा कि झारखंड की बेटियां निरंतर आगे बढ़ रही हैं। यह गौरव का दिन है कि 2200 छात्राओं को डिग्री प्रदान की जा रही है।
राज्यपाल ने कहा कि छात्राओं की सफलता में उनकी मेहनत के साथ परिवार का विश्वास और विश्वविद्यालय के प्रोफेसर्स का मार्गदर्शन भी महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि डिग्री अवसर प्रदान कर सकती है, लेकिन अपनी प्रतिभा, चरित्र और व्यवहार के बल पर ही छात्राएं देश और समाज को तरक्की के रास्ते पर ले जा सकती हैं। उन्होंने छात्राओं से सामाजिक सेवा जारी रखने और नैतिक मूल्यों को मजबूती से अपनाकर जीवन में आगे बढ़ने की अपील की। राज्यपाल ने कहा कि असफलता से घबराने की जरूरत नहीं है। छात्राओं का मकसद केवल रोजगार प्राप्त करना नहीं, बल्कि अपने संकल्प को साकार करना होना चाहिए। इस दौरान उन्होंने कहा कि झारखंड की बेटियां समाज सेवा में भी आगे हैं।
53 छात्राओं को गोल्ड मेडल, ओवरऑल टॉपर को चांसलर मेडल
वीसी इला कुमार ने बताया कि दीक्षांत समारोह में 53 टॉपर छात्राओं को गोल्ड मेडल से सम्मानित किया गया। एक ओवरऑल टॉपर को चांसलर मेडल प्रदान किया गया। इसके अलावा दो छात्राओं को रेखा झा मेमोरियल मेडल दिया गया। दोनों को एक-एक लाख रुपये का पुरस्कार भी मिला।
गाउन विश्वविद्यालय ने उपलब्ध कराया
परीक्षा नियंत्रक डॉ. रमा सुब्रमण्यम ने बताया कि डिग्री प्राप्त करने वाली छात्राओं को विश्वविद्यालय की ओर से गाउन उपलब्ध कराया गया। इसके साथ विश्वविद्यालय के लोगो वाला अंगवस्त्र भी दिया गया। छात्राएं अंगवस्त्र अपने साथ घर ले जा सकेंगी, जबकि गाउन समारोह के बाद वापस करना होगा।
सीमित सीटिंग के कारण चरणबद्ध तरीके से दी गई डिग्री
विश्वविद्यालय की कुलपति प्रोफेसर इला कुमार ने बताया कि एक्सएलआरआई ऑडिटोरियम में सीटिंग कैपेसिटी सीमित होने के कारण सभी छात्राओं की एक साथ बैठने की व्यवस्था नहीं हो सकी। समारोह दोपहर 12 बजे शुरू हुआ और राज्यपाल दोपहर 1:30 बजे तक कार्यक्रम में रहे। उनके जाने के बाद शेष छात्राओं को एक्सएलआरआई हॉल में बुलाकर डिग्री प्रदान की गई।
समारोह के बाद राज्यपाल सर्किट हाउस के लिए रवाना हुए।

