
Jamshedpur : पूर्वी सिंहभूम जिले के बहरागोड़ा थाना क्षेत्र में पुलिस ने 113 किलो अवैध गांजा बरामद कर एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गांजा तस्करी में इस्तेमाल सफेद रंग की टाटा कर्व कार, दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन और 1,500 रुपये नकद भी जब्त किए हैं। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 60 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, वरीय पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि ओडिशा की ओर से एक कार में गांजा लाया जा रहा है। सूचना पर गठित टीम ने बहरागोड़ा के कालिंयाडिंगा चौक के पास वाहन चेकिंग के दौरान ओडिशा नंबर की कार को रोका। तलाशी में डिक्की से एक-एक किलो वजन के 113 पैकेट गांजा बरामद हुए।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान पिन्कन स्वैन (27), निवासी पुरी, ओडिशा के रूप में हुई है। पूछताछ में उसने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर गांजा तस्करी करने की बात बताई है। पुलिस के अनुसार, गिरोह ओडिशा से गांजा लाकर खड़गपुर और अन्य स्थानों पर बिक्री करता था। मामले में बहरागोड़ा थाना में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।

