
रामगढ़ : कहते हैं कि अगर आसमान छूने का जज्बा हो, तो संसाधनों की कमी कभी रास्ता नहीं रोक सकती। ऐसा ही कुछ कर दिखाया है रामगढ़ के सरना पार पोचरा की बेटियों ने। केयर ग्रामीण विकास केंद्र द्वारा चलाए जा रहे महिला वॉलीबॉल प्रशिक्षण केंद्र की ये बच्चियां आज अपनी मेहनत के दम पर देश भर में रामगढ़ का नाम रोशन कर रही हैं। सुविधाओं का अभाव ऐसा कि पैरों बिना जूतों के भी मैदान पर छलांग लगा रही हैं।
लगभग आधा दर्जन से अधिक बेटियां नेशनल तक खेल चुकी हैं। इनमें ज्यादातर गरीब परिवार से हैं जिनके पिता मजदूर हैं, मां दूसरे के घरों में बर्तन मांजने का काम करती हैं। लेकिन सुविधाओं का अभाव इनके खेल में कभी बाधक नहीं बना। बच्चियों के हौसले बुलंद हैं।
छोटे से गांव से नेशनल तक पहुंचीं, इंटरनेशनल ट्रायल तक धमक
इस सेंटर से ट्रेनिंग पाकर अलग-अलग आयु वर्ग में कमाल करने वाली बेटियों की लिस्ट लंबी है। रिया कुमारी अंडर 14, 15, 17 और निशि कुमारी ने अंडर 14, 15 में न सिर्फ नेशनल खेला, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर के ट्रायल में भी अपनी ताकत दिखाई है।
नेशनल खेलने वाली अन्य बेटियों में नैना कुमारी (अंडर 16, 19), सीमा कुमारी (अंडर 17), तनीषा कुमारी (अंडर 19), रोशनी कुमारी (अंडर 14), वर्षा कुमारी (अंडर 17) के साथ-साथ सीनियर वर्ग में नेहा, बबली और अर्पिता कुमारी (अंडर 21) भी जी-तोड़ मेहनत कर रही हैं।
एक छोटे से गांव से निकलकर ये बेटियां राष्ट्रीय स्तर तक पहुंच चुकी हैं। इनमें ज्यादार बच्चियां बेहद गरीब एवं मजदूर परिवार से आती हैं। लेकिन संस्था एवं कोच बसंत नायक इन्हें ऊंचाई तक ले जाने के लिए प्रयत्नशील है।
इनर व्हील क्लब ने दिए जूते व जर्सी
विश्व वॉलीबॉल दिवस के मौके पर मौके पर इनर व्हील क्लब रामगढ़ की टीम इन खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाने पोचरा पहुंची। क्लब की अध्यक्ष श्वेता जैन ने बताया कि यह पूरे जिले के लिए गर्व की बात है कि पोचरा जैसी छोटी सी जगह से निकलकर 10 बेटियों ने नेशनल स्तर पर अपनी पहचान बनाई है। आज के डिजिटल दौर में जहां बच्चे मोबाइल में खोए रहते हैं, वहीं ये बच्चियां मैदान में पसीना बहाकर इतिहास रच रही हैं। क्लब की सचिव नवलजीत कौर और अन्य सदस्यों ने इन होनहार खिलाड़ियों के बीच जर्सी, जूते और पौष्टिक खाद्य सामग्री आदि का वितरण किया, ताकि उनकी राह थोड़ी आसान हो सके।
मैदान पर दिखा मुकाबला
मंगलवार को इस खास मौके पर कोच बसंत नायक की देखरेख में टीम ए और टीम बी के बीच एक प्रदर्शनी मैच खेला गया। मैच में दोनों टीमों ने शानदार खेल दिखाया, लेकिन टीम बी ने बेहतरीन तालमेल की बदौलत टीम ए को 25-20 के सीधे सेटों में हरा दिया। कार्यक्रम में खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने के लिए निधि चौधरी, अंबली जैन, नीरू साहनी, गुरबख्श सैनी और जसविंदर होरा समेत कई लोग मौजूद थे। इन बेटियों का हौसला बताता है कि इन्हें अगर सही सहयोग मिले, तो ये जल्द ही देश के लिए मेडल लेकर आएंगी।

