
गिरिडीह : पुलिस जब छापेमारी करने होटल पहुंची तो वहां का नजारा देख दंग रह गई। उसे सूचना मिली थी कि होटल में अनैतिक गतिविधियां चल रही हैं।
मामला गिरिडीह जिले के धनवार थाना क्षेत्र में बड़ा चौक के पास स्थित डिस्कवरी होटल का है। पुलिस ने मंगलवार की देर रात अचानक इसमें छापेमारी की। इस दौरान होटल के कमरे से दो युवक और दो युवतियों को संदिग्ध हालत में पकड़ा। पुलिस चारों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। इसके साथ ही प्रशासन ने सख्त कदम उठाते हुए होटल को पूरी तरह से सील कर दिया है।
पुलिस को काफी समय से सूचना मिल रही थी कि इस होटल में देहव्यापार का धंधा चल रहा है। गुप्त सूचना के आधार पर एसडीपीओ अमरेंद्र कुमार के नेतृत्व में एक टीम बनाई गई। मंगलवार रात करीब 10 बजे मजिस्ट्रेट अभिषेक कुमार की मौजूदगी में पुलिस बल ने होटल पर धावा बोल दिया। यह सर्च ऑपरेशन करीब दो घंटे तक चला। देर रात पुलिस की इस कार्रवाई से होटल में हड़कंप मच गया। तलाशी के दौरान कमरे से कुछ आपत्तिजनक चीजें भी बरामद हुई हैं।
पहले भी हो चुकी है कार्रवाई
एसडीपीओ अमरेंद्र कुमार ने बताया कि इस होटल के खिलाफ स्थानीय लोगों की ओर से लगातार शिकायतें आ रही थीं। चौंकाने वाली बात यह है कि होटल में पहले भी दो बार छापेमारी कर कार्रवाई की जा चुकी है, लेकिन होटल संचालक अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहा था। बार-बार मिल रही शिकायतों को देखते हुए इस बार प्रशासन ने सीधे होटल को सील करने का फैसला लिया।
फिलहाल, पुलिस पकड़े गए दोनों जोड़ों को थाने ले जाकर पूछताछ कर रही है। साथ ही आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है। इस कार्रवाई के बाद से इलाके के अन्य होटल संचालकों में भी हड़कंप मचा हुआ है।

