Jamshedpur : बिरसानगर में टाटा मोटर्स के वेंडर पंकज कुमार सिंह के कार्यालय से साढ़े 10 लाख रुपये की लूट की घटना में शक की सूई कंपनी कर्मी की तरफ घूम गई है। पंकज कुमार सिंह को शक है कि इस वारदात में कंपनी के ही कर्मचारी करण मुदिलयार का हाथ है। इसके बाद पुलिस ने करण मुदिलयार को हिरासत में ले लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है। बताया जा रहा है कि करण मुदिलयार ने पुलिस को कुछ ठोस जानकारी दी है। इससे पुलिस घटना के लिए सुरागरसी कर रही है। माना जा रहा है कि जल्द ही पुलिस इस घटना का खुलासा कर देगी।
पुलिस को अभी जो कहानी पता चली है कि उसमें कहा जा रहा है कि लूट की घटना में कार्यालय के ही कर्मचारी करण मुदिलयार शक के दायरे में हैं। माना जा रहा है कि करण ने ही बदमाशों को बताया था कि रविवार और सोमवार को कार्यालय में लेबर पेमेंट होता है और यहां इतना कैश रहता है। बाइक से आए बदमाश नकाब नहीं लगाए थे। इससे आशंका जताई जा रही है कि वह जमशेदपुर के नहीं हैं। वह कहीं बाहर के हैं। बहरहाल, पुलिस घटना का खुलासा करने के लिए जोर-शोर से लगी हुई है।
गौरतलब है कि सोमवार को बाइक सवार तीन बदमाशों ने टाटा मोटर्स के वेंडर पंकज कुमार सिंह के बिरसानगर जोन नंबर 11 केनरा बैंक के पास वाले दफ्तर पर धावा बोला था। बदमाशों ने यहां पिस्टल की नोक पर एक महिला स्टाफ से 25 हजार रुपये लूट लिए थे। इसके बाद पंकज कुमार सिंह के चैंबर में घुस कर बदमाशों ने उनकी कनपटी पर पिस्टल सटा दी और उनके पास मौजूद सवा 10 लाख रुपये लूट लिए। इस तरह, बदमाशों ने कार्यालय से साढ़े 10 लाख रुपये की लूट की वारदात अंजाम दी थी।
दिनदहाड़े हुई इस घटना से शहर के कारोबारी दहशत में हैं। लोगों का कहना है कि जमशेदपुर में इधर बीच लूट-पाट की घटनाएं बढ़ रही हैं। पुलिस इन पर अंकुश नहीं लगा पा रही है।
घोड़ाबांधा में वृद्धा से लूट के मामले में एएफआईआर दर्ज
गोविंदपुर थाना क्षेत्र के घोड़ाबांधा में अपना आंगन डुप्लेक्स की रहने वाली रिटायर्ड शिक्षिका रीता दत्ता के पास से बदमाश 52 हजार रुपये से भरा बैग लूट ले गए थे। घटना सोमवार दोपहर की है। इस मामले में गोविंदपुर थाने में मंगलवार को पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

