चक्रधरपुर : चक्रधरपुर रेल मंडल के हावड़ा–मुंबई मुख्य रेल मार्ग पर चल रहे रेल लाइन विस्तार कार्य के तहत शनिवार को बिसरा और बंडामुंडा रेलवे स्टेशन के बीच नया बस्ती इलाके में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की गई। रेल प्रशासन ने निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जमीन खाली कराने के लिए सुबह करीब दस बजे बुलडोजर चलाकर मकानों को तोड़ना प्रारंभ किया। दोपहर के करीब दो बजे तक रेलवे प्रशासन ने कुल 17 घरों को तोड़ा गया। इस दौरान बिसरा तहसीलदार प्रेमानंद उर्मा मजिस्ट्रेट के तौर पर उपस्थित थे। इस मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल,आरपीएफ और जीआरपी भी तैनात थे। रेलवे अधिकारियों के मुताबिक अतिक्रमणकारियों को पूर्व में नोटिस जारी कर जमीन खाली करने का निर्देश दिया गया था। रेल प्रशासन का दावा है कि भूमि अधिग्रहण से जुड़ी सभी प्रक्रियाएं और औपचारिकताएं पहले ही पूरी की जा चुकी हैं। लेकिन, इसके बावजूद जमीन खाली नहीं की जा रही थी।
मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में चला अभियान
इसी कारण शनिवार को मजिस्ट्रेट की मौजूदगी और भारी पुलिस बल की तैनाती में बलपूर्वक अतिक्रमण हटाया गया। वहीं, प्रभावित ग्रामीणों ने इस कार्रवाई पर आपत्ति जताते हुए कहा है कि क्षेत्र में अधिकतर अल्पसंख्यक समुदाय के लोग निवास करते हैं और वर्तमान में रमजान का महीना चल रहा है। लोग रोजा रखकर अपने दैनिक कार्यों में व्यस्त हैं। इसके अलावा गांव के कई बच्चे बोर्ड परीक्षा में शामिल हो रहे हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की थी कि जमीन खाली करने की इस कार्रवाई को कम से कम दो महीने के लिए स्थगित किया जाए, जिसके बाद ग्रामीण स्वेच्छा से जमीन खाली कर देंगे। लेकिन रेलवे प्रशासन ने कहा कि निर्माण कार्य पहले ही काफी देरी से चल रहा है। इस कारण अब ग्रामीणों को दो महीने का समय देना रेलवे प्रशासन के बस में नहीं है।
Read Also: Old Hindi Film Stories : रहस्य रोमांच वाला हिंदी सिनेमा : ना तुम हमें जानो

