बोकारो : चास मुफस्सिल थाना क्षेत्र में रविवार देर शाम पुलिस के साथ बदसलूकी, हाथापाई और पथराव की गंभीर घटना सामने आई है। घटना पुपुंकी आश्रम परिसर की है, जहां बाबा मुनि की 100वीं वर्षगांठ के अवसर पर कार्यक्रम आयोजित किया गया था।

कार्यक्रम को लेकर एहतियातन पुलिस बल की तैनाती की गई थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि आश्रम में आने-जाने वाली गाड़ियों को क्षेत्र के कुछ स्थानीय लोग जबरन रोक रहे हैं। सूचना के आधार पर जब पुलिस मौके पर पहुंची तो वहां मौजूद कुछ लोग नशे की हालत में पाए गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, नशे में धुत लोगों ने पुलिस के साथ पहले दुर्व्यवहार किया और फिर हाथापाई पर उतर आए। स्थिति बिगड़ते देख उपद्रवियों ने पुलिस पर पथराव भी शुरू कर दिया। इस घटना में तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए।
घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया। स्थिति को नियंत्रण में करने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। पुलिस द्वारा पूरे क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन लोगों को हिरासत में लेकर चास मुफस्सिल थाना लाया है, जहां उनसे पूछताछ की जा रही है।

