वडोदरा : गुजरात के वडोदरा जिले में मंगलवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया, जब वडोदरा और आणंद को जोड़ने वाला 43 साल पुराना गंभीरा पुल अचानक भरभराकर टूट गया। हादसे के वक्त पुल पर भारी ट्रैफिक था, जिससे कई वाहन पुल के साथ महिसागर नदी में जा गिरे। अब तक दो लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।
Gujarat Bridge Accident : भारी ट्रैफिक के दबाव में टूटा गंभीरा ब्रिज
घटना सुबह करीब 8:30 बजे की बताई जा रही है, जब वडोदरा-आणंद मार्ग पर स्थित यह पुल भारी वाहनों के भार के चलते ध्वस्त हो गया। पुल टूटने के बाद दो ट्रक, एक पिकअप वैन और एक अन्य वाहन नदी में गिर गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। तीन लोगों को अब तक सुरक्षित रेस्क्यू किया जा चुका है।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ हादसे का वीडियो
हादसे का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक बड़ा ट्रक पुल के टूटे हिस्से पर आधा लटका हुआ दिखाई दे रहा है। दृश्य भयावह है और हादसे की गंभीरता को दर्शाता है। स्थानीय पुलिस, दमकल विभाग और प्रशासनिक टीमें घटनास्थल पर राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हुई हैं।
Gujarat Bridge Accident : यातायात व्यवस्था प्रभावित, ट्रैफिक डाइवर्ट
पुल के गिरने से वडोदरा-आणंद मार्ग पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया है। पुलिस ने तत्काल प्रभाव से ट्रैफिक को वैकल्पिक मार्गों पर डाइवर्ट कर दिया है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे इस मार्ग से फिलहाल यात्रा न करें।
पुल को सुसाइड प्वॉइंट के रूप में भी जाना जाता है
स्थानीय लोगों के अनुसार, यह पुल पुराने समय से ही कमजोर स्थिति में था और कई बार इसकी मरम्मत की मांग की गई थी। यह ब्रिज क्षेत्र में सुसाइड प्वॉइंट के तौर पर भी कुख्यात रहा है। पिछले कुछ दिनों से गुजरात में हो रही लगातार भारी बारिश के चलते इसकी स्थिति और भी कमजोर हो गई थी, जो इस हादसे का संभावित कारण माना जा रहा है।
प्रशासन ने शुरू किया जांच कार्य
जिला प्रशासन और राज्य सरकार की ओर से घटना की उच्चस्तरीय जांच के आदेश दे दिए गए हैं। फिलहाल प्राथमिक फोकस राहत एवं बचाव कार्य पर है। मौके पर NDRF की टीमों को भी बुलाया गया है, ताकि किसी भी फंसे हुए व्यक्ति को सुरक्षित बाहर निकाला जा सके।
Read Also- Khunti Rain Flood : डायवर्सन बहा, जिंदगी थमी : खूंटी में 100 गांवों का संपर्क टूटा

