पलामू : पलामू जिले की पुलिस ने ब्राउन शुगर तस्करी के बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से कुल 710.56 ग्राम ब्राउन शुगर, 8.89 लाख रुपए नकद, और सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए हैं। यह कार्रवाई डालटनगंज-गढ़वा मुख्य मार्ग पर चैनपुर थाना क्षेत्र के मंगरदाहा घाटी में की गई।
गिरफ्तार आरोपी और बरामद सामान
गिरफ्तार तस्करों में गढवा का मनीष कुमार, हुसैनाबाद का तूफान राइन और गुमला के बनिया टोला का चिराग कुमार सिंह हैं। पुलिस ने कार की डैशबोर्ड से 300 ग्राम ब्राउन शुगर, मनीष के पास से ₹8,89,000 नकद, चिराग के बैग से 410.56 ग्राम ब्राउन शुगर, एक सोने की चेन, दो सोने की अंगूठियां, एक चांदी की अंगूठी और एक चांदी की ब्रेसलेट बरामद की है।
कैसे पकड़े गए तस्कर?
एसडीपीओ मणिभूषण प्रसाद ने बताया कि पुलिस को 17 मार्च को गुप्त सूचना मिली कि एक कार (JH03 AR9151) में ब्राउन शुगर की तस्करी की जा रही है। चैनपुर थाना क्षेत्र में वाहन जांच अभियान के दौरान संदिग्ध कार को रोका गया। पुलिस को देखते ही कार सवार भागने लगे, लेकिन टीम ने उन्हें दौड़ा कर पकड़ लिया।
बिहार से खरीदी गई थी ब्राउन शुगर
पुलिस जांच में सामने आया कि चिराग कुमार सिंह गुमला से गढ़वा आया था और उसने 410.56 ग्राम ब्राउन शुगर खरीदी थी। इस ड्रग्स की कीमत 8.89 लाख रुपये चुकाई गई थी। मनीष और तूफान, चिराग को कोयल पुल तक छोड़ने जा रहे थे, तभी पुलिस ने उन्हें धर दबोचा।
तस्करी नेटवर्क की जांच जारी
एसडीपीओ ने बताया कि ब्राउन शुगर बिहार के आरा से खरीदी गई थी।इसे गढ़वा और गुमला में सप्लाई किया जाना था। पुलिस अब पूरे तस्करी नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है।
Read also – DSP Suspension: डीएसपी प्रदीप कुमार को सीएम ने किया निलंबित, महिला से फोन पर बात करने का आरोप

