चाईबासा : झारखंड में पश्चिमी सिंहभूम जिले के बड़ाजामदा में चोरों ने आतंक मचा रखा है। अब ये ठेले गुमटी तक को भी नहीं छोड़ रहे हैं। बुधवार को देर रात चोरों ने बस स्टैंड के पास सड़क किनारे लगे ठेले को निशाना बनाया। चोरों ने ठेले पर सजी दुकानों का ताला तोड़कर अंदर रखा सारा सामान चोरी कर लिया, जिससे स्थानीय दुकानदारों में भय और आक्रोश का माहौल है। जानकारी के अनुसार, रात के समय जब दुकानें बंद थीं, तभी चोरों ने मौका पाकर वारदात को अंजाम दिया। गुरुवार को सुबह में जब दुकानदार अपनी दुकान खोलने पहुंचे, तो ताला टूटा हुआ देखकर घटना की जानकारी हुई। चोरी में दैनिक उपयोग के कई सामान गायब पाए गए हैं।
गौरतलब है कि पिछले एक महीने से बड़ाजामदा और आसपास के क्षेत्रों में चोरी की घटनाओं में लगातार बढ़ोतरी देखी जा रही है। दो दिन पहले ही एक मोबाइल दुकान से कई मोबाइल फोन चोरी कर लिए गए थे, जिसकी शिकायत बड़ाजामदा थाने में दर्ज कराई गई थी। इधर, बढ़ती चोरी की घटनाओं को लेकर बड़ाजामदा थाना की पुलिस भी सक्रिय है और लगातार छापेमारी अभियान चला रही है।
इसके बावजूद अब तक किसी भी मामले में ठोस सफलता हाथ नहीं लगी है, जिससे लोगों में असंतोष देखा जा रहा है। इस संबंध में थाना प्रभारी बालेश्वर उरांव ने बताया कि क्षेत्र में हो रही छोटी-मोटी चोरी की घटनाओं में अधिकतर छोटे-छोटे बच्चे शामिल हो सकते हैं, जो नशे की लत के कारण इस तरह की घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। हालांकि, पुलिस द्वारा मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

