चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले के हाटगम्हरिया में शनिवार रात एक युवक की अज्ञात अपराधियों ने धारदार हथियार से गर्दन रेत कर हत्या कर दी। घटना से पूरे इलाके में शोक का माहौल है।

घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार हाटगम्हरिया थाना अंतर्गत हाटगम्हरिया बस्ती के भुईंया साई निवासी 39 वर्षीय बैसाखु ग्वाला को शनिवार रात करीब नौ बजे पड़ोस के दो युवक घर से बुलाकर अपने साथ ले गए। उस समय क्षेत्र में मागे पर्व की तैयारी चल रही थी। लेकिन जब देर रात तक घर वापस नहीं लौटने पर परिजन काफी चिंतित हो उठे और रात भर उसकी तलाश करते रहे। लेकिन कहीं भी उसका पता नहीं चला।
रविवार सुबह ग्रामीणों ने सूचना दी कि परमसाई जोड़ा तालाब में एक शव देखा गया। उसके बाद से ही क्षेत्र में दहशत फैल गई। घटना की सूचना किसी ने पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पहुंची। पुलिस ने मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी है। बाद में पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल चाईबासा भेज दिया । इधर मृतक की पत्नी शुरू ग्वाला के बयान पर थाना में मामला दर्ज कर लिया गया है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर है। मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है। लोगों ने प्रशासन से दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी और कड़ी सजा की मांग की है, ताकि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

