Chaibasa : कोल्हान के डीआईजी अनुरंजन किस्पोट्टा ने गुरुवार को चाईबासा में दो जिलों के एसपी सहित अन्य पदाधिकारियों के साथ बैठक की। इसमें सरायकेला- खरसावां जिले के एसपी मुकेश कुमार लुणायत व पश्चिमी सिंहभूम जिला के एसपी अमित रेनू सहित दोनों जिलों के डीएसपी व विभिन्न सर्किल इंस्पेक्टर और थाना प्रभारी शामिल थे।
करीब 5 घंटा तक चली बैठक में डीआईजी ने निर्देश दिया कि चोरी, लूट और छिनतई जैसी घटनाओं को रोकने के लिए पुलिस और अधिक सतर्क रहे। ऐसी घटनाओं में शामिल अपराधियों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई करते हुए उन्हें जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए, ताकि आम लोगों में सुरक्षा की भावना बनी रहे।
उन्होंने डीएसपी और सर्किल इंस्पेक्टर को निर्देश दिया कि अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित गश्त और प्रभावी बनाएं। संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखें। लंबे समय से फरार वारंटियों और अपराधियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर गिरफ्तार करें। ईंद, रामनवमी, सरहुल आदि पर्व को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करें। त्योहारों के दौरान भीड़भाड़ वाले इलाकों, बाजारों और संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाए। किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए पहले से तैयारी रखें। मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री पर तत्काल कार्रवाई करें।

