चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिला क्रिकेट संघ के तत्वावधान में चल रहे 10वीं अशोक कुमार जैन जिला नॉक आउट क्रिकेट प्रतियोगिता के अंतर्गत आज खेले गए दूसरे क्वार्टर फाईनल मैच में चक्रधरपुर क्रिकेट अकादमी ने शाह स्पोर्ट्स क्रिकेट अकादमी चक्रधरपुर को एकतरफा मुकाबले में आठ विकेट से पराजित कर सेमीफाईनल में अपना स्थान पक्का कर लिया। अब सेमीफाईनल में इसका मुकाबला एमसीसी चाईबासा एवं फ्रेंडस क्लब चाईबासा के बीच खेले जाने वाले तीसरे क्वार्टर फाइनल के विजेता से 15 फरवरी को होगा।

शाह स्पोर्ट्स क्रिकेट अकादमी ने की पहले बल्लेबाजी
चाईबासा के बिरसा मुंडा क्रिकेट स्टेडियम मैदान पर गुरुवार को खेले गए मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए शाह स्पोर्ट्स क्रिकेट अकादमी की पूरी टीम 27.3 ओवर में 152 रन बनाकर आल आउट हो गई। इस टीम की ओर से करण कुमार ने 35, आयुष श्रीवास्तव ने 29, हर्ष बाजरा ने 26 रन तथा पारी की शुरुआत करने आए विकेटकीपर बल्लेबाज जीशान अहमद ने 15 रन बनाए। चक्रधरपुर क्रिकेट अकादमी की ओर से बामहस्त स्पिनर आशीष कुमार सिंह ने 25 रन देकर चार विकेट हासिल किए। सनोज कुमार को दो तथा गौरव सिंह, रवि गोप एवं सुमित शर्मा को एक-एक सफलता हाथ लगी।
जीत के लिए निर्धारित लक्ष्य का पीछा करने उतरी चक्रधरपुर क्रिकेट अकादमी ने 22 ओवर में दो विकेट के नुकसान पर 153 रन ठोक कर मैच अपने नाम कर लिया। पारी की शुरुआत करने आए सचिन दूबे एवं सनोज कुमार ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए पहले विकेट के लिए 111 रनों की बेहतरीन साझेदारी निभाकर टीम की जीत को आसान बना दिया। सचिन ने पाँच चौके एवं चार छक्के की सहायता से 60 रनों की बेहतरीन पारी खेली। जबकि सनोज कुमार ने सात चौके एवं एक छक्के की मदद से 66 रन बनाए। वह अंत तक आउट नहीं हुए। तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने आए अनुज उरांव ने 13 रनों का योगदान दिया। शाह स्पोर्ट्स अकादमी की ओर से गेंदबाजी करते हुए नीतेश पासवान एवं आयुष श्रीवास्तव ने एक-एक विकेट हासिल किए।
अशोक कुमार जैन जिला नॉक आउट क्रिकेट प्रतियोगिता के तीसरे क्वार्टर फाईनल मैच में कल एमसीसी चाईबासा का मुकाबला फ्रेंडस क्लब, चाईबासा से होगा।
Read Also: XLRI में गूंजा स्टार्टअप का मंत्र, नेक्सकॉन 2026 में देशभर के 1500 युवाओं ने लिया हिस्सा

